Sahibganj:जिले के बरहेट प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हाईस्कूल मैदान परिसर में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रखंड समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख बर्नाड मरांडी ने की। बैठक में झारखंड स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर उनके संघर्ष, विचारों और बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्या र्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बारी-बारी से उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. नजरुल इस्लाम ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के खिलाफ डटकर मुकाबला किया और जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका त्याग, साहस और बलिदान सदैव समाज को प्रेरणा देता रहेगा।
वहीं, प्रखंड अध्यक्ष बर्नाड मरांडी ने कहा कि झारखंड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष और शहीदों के बलिदान का परिणाम है। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अपने संघर्ष से आदिवासी समाज में नई चेतना जगाई और अन्याय के खिलाफ लड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा से झारखंड की संस्कृति, परंपरा, जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्षरत रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही ग्राम प्रधानों का सम्मान करना हमारी सामाजिक परंपरा और ग्रामीण व्यवस्था के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
इस अवसर पर झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में प्रखंड समिति की ओर से दर्जनों ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर प्रखंड सचिव मुजीबुर रहमान, एजाज अंसारी, प्रखंड उपाध्यक्ष लुखिराम हेंब्रम, पूर्व कोषाध्यक्ष पुसा टुडू, अब्दुल मजीद, सुनील सोरेन, चारलेश सोरेन, अरशद अंसारी, समदा सोरेन, लड्डू भगत, समसुल अंसारी, शराफत अंसारी, जिसू मरांडी, पृथ्वी चंद्र टुडू, महिला नेत्री बेला किस्कू, सुनीता टुडू, मोनिका सोरेन, पार्वती हांसदा, सुनील किस्कू सहित विभिन्न पंचायतों के अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BARHAIT









