बिरसा के सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प लें,आदि वासी अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा:चम्पई सोरेन
Saraikela:धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, जनजातीय गौरव दिवस एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन ने सरायकेला में हजारों लोगों के साथ विशाल पदयात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय गौरव, आदिवासी अस्मिता और समाज के हक-अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया।
पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, वीर सिदो-कान्हू और वीर पोटो हो जैसे महान क्रांतिकारियों का संघर्ष एवं बलिदान हमारी अमूल्य धरोहर है। इनके संघर्षों ने आदिवासी समाज को अपने अधिकारों और स्वाभिमान के लिए लड़ने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देने का कार्य किया है।
उन्होंने झारखंड राज्य के गठन का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए अलग राज्य का सपना साकार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झारखंड आंदोलन के दौरान आंदोलनकारियों को दबाने का प्रयास किया और कई बार आंदोलनकारियों पर गोली चलवाई।
चम्पई सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से आदिवासी परिवारों के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने एकलव्य आवासीय मॉडल स्कूलों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वर्ष 2014 तक झारखंड में ऐसे करीब एक दर्जन स्कूल थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 91 हो गई है। इनमें 51 स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो चुकी है और लगभग 1.32 लाख विद्यार्थी निःशुल्क शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आंदोलन के समय एक ऐसे राज्य की परिकल्पना की गई थी, जहां समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का जीवन स्तर बेहतर हो सके। लेकिन वर्तमान राज्य सरकार इसके विपरीत काम कर रही है। उन्होंने राज्य को भ्रष्टाचार और कुशासन से मुक्त करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आज भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाने, जल-जंगल-जमीन की रक्षा करने तथा आदिवासी-मूलवासी समाज के हक और अधिकारों को सुरक्षित रखने का संकल्प लेने की जरूरत है। आदिवासी अस्मिता, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SARAIKELA–KHARSHAWAN









