Godda:मां की गोद सूनी,पिता के सपने चकनाचूर,वर्दी पहनने का ख्वाब लिए दुनिया छोड़ गया 12 वर्षीय पंकज!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कथित अवैध मिट्टी ढुलाई के दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आने से मासूम की मौत,परिवार ने मांगा इंसाफ; प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल

Godda:जिस आंगन में कभी पंकज की किलकारियां गूंजती थीं,आज वहां मातम पसरा है।जिस मां ने अपने इकलौते बेटे को पढ़ा-लिखाकर बड़ा अधिकारी बनाने का सपना देखा था, आज उसी मां की गोद हमेशा के लिए सूनी हो गई। महज 12 साल की उम्र में पंकज की दर्दनाक मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।हादसे के दो दिन बाद भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि उनका लाडला अब कभी लौटकर नहीं आएगा।

पंकज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार के लिए वह किसी अनमोल खजाने से कम नहीं था। बताया जाता है कि छठी मईया की आराधना और मन्नतों के बाद परिवार को पंकज की खुशियां नसीब हुई थीं। माता-पिता ने उसे पढ़ा-लिखाकर कामयाब इंसान बनाने के सपने संजोए थे। पंकज भी अक्सर बड़ा होकर पुलिस अधिकारी बनने की बात करता था। कभी वकील, कभी पत्रकार तो कभी इंजीनियर बनने का सपना देखता था। लेकिन किसे पता था कि जिस उम्र में उसे स्कूल की किताबों के साथ अपना भविष्य संवारना था, उसी उम्र में उसकी जिंदगी का सफर थम जाएगा।

विज्ञापन:संपर्क करें

आज मां बार-बार अपने बेटे को आवाज लगाती है। मानो कह रही हो कि बेटा उठो, स्कूल नहीं जाना है क्या! ट्यूशन के लिए देर हो रही है। तुम्हें तो बड़ा होकर पुलिस अधिकारी बनना था। लेकिन अब न पंकज की आवाज सुनाई देगी और न ही उसके कदमों की आहट घर के आंगन में गूंजेगी। पिता की आंखों में बेटे के भविष्य को लेकर संजोए सपने अब आंसुओं में बह रहे हैं।

कथित अवैध मिट्टी ढुलाई पर उठे गंभीर सवाल

पंकज की मौत के बाद इलाके में कथित अवैध मिट्टी ढुलाई और बालू कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि मिट्टी की ढुलाई के दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आने से 12 वर्षीय पंकज की जान चली गई।इस मामले में विजय मंडल नामक एक व्यक्ति की बालू और मिट्टी कारोबार को लेकर भी चर्चाएं हो रहे है।हालांकि,तरह-तरह की चर्चाएं व आरोपों की निष्पक्ष जांच और संबंधित पक्ष का जवाब सामने आना भी जरूरी है।

स्थानीय स्तर पर इस कारोबार को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठाए जाते रहे हैं।विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरों और पुरानी शिकायतों की भी जांच होनी चाहिए,यदि पहले से शिकायतें मिलने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो यह प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

थाना प्रभारी से निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद

राजाभीठा थाना प्रभारी रामदेव वर्मा से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों को न्याय की उम्मीद है।लोगों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर ट्रैक्टर चालक सहित सभी जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए।जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आए,उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई हो।साथ ही जिला प्रशासन पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करे।

एक मासूम की मौत,व्यवस्था व सिस्टम के सामने कई महत्वपूर्ण सवाल

आज पंकज के घर में मातम है। मां की आंखें बेटे की राह देख रही हैं और पिता के सपने हमेशा के लिए बिखर चुके हैं। यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि अवैध मिट्टी ढुलाई, सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

आखिर अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी किसकी है! पहले उठाई गई शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई! क्या किसी दूसरे मासूम की जिंदगी जाने के बाद ही व्यवस्था जागेगी!

पंकज अब कभी स्कूल नहीं जाएगा, न ही वर्दी पहनकर देश और समाज की सेवा करने का उसका सपना पूरा होगा। लेकिन उसकी मौत का सच सामने आना चाहिए। उसके परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए और दोषियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी दूसरे घर का चिराग यूं ही न बुझने पाए।

REPORTER|VIJAY THAKUR|GODDA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें