Sahibganj:छठ के बाद गंगा घाटों की सफाई में उतरे एनसीसी कैडेट, नंदिनी ने संभाली कमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुक्तेश्वर धाम और बिजली घाट पर चला विशेष अभियान, घाटों की सुरक्षा के लिए होमगार्ड तैनाती व गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माने की उठी मांग

Sahibganj:छठ महापर्व संपन्न होने के बाद गंगा घाटों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के उद्देश्य से साहिबगंज महाविद्यालय की एनसीसी इकाई और नगर परिषद के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। एनसीसी की सीनियर कैडेट नंदिनी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में कैडेटों एवं नगर परिषद कर्मियों ने श्रमदान कर मुक्तेश्वर धाम घाट, बिजली घाट सहित शहर के विभिन्न गंगा घाटों की साफ-सफाई की।

अभियान के दौरान घाटों पर जमा कचरा, गंदगी और विसर्जित मूर्तियों को हटाया गया। कैडेटों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए गंगा घाटों को साफ-सुथरा रखने की अपील की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं जिला गंगा समिति से घाटों की नियमित साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। लोगों ने कहा कि घाटों पर होमगार्ड की तैनाती होने से सुरक्षा के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने घाटों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध आर्थिक दंड लगाने का सुझाव भी दिया। साथ ही कपड़े धोने, शौच करने और अन्य ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की आवश्यकता जताई, जिससे गंगा की स्वच्छता प्रभावित होती है।

गंगा की जैव विविधता बचाने का भी दिया संदेश

अभियान के दौरान गंगा की जैव विविधता और जलीय जीवों के संरक्षण को लेकर भी जागरूकता फैलाई गई। मछुआरों से छोटी मछलियों का शिकार नहीं करने और बारीक जालों के इस्तेमाल से बचने की अपील की गई। बताया गया कि छोटी मछलियां गंगा डॉल्फिन का प्रमुख आहार होती हैं। ऐसे में उनका संरक्षण गंगा के जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने के लिए बेहद जरूरी है।

सीनियर कैडेट नंदिनी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य केवल घाटों की सफाई करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों में गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जलीय जीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना भी था।

मौके पर नगर परिषद के शिव हरि, प्रकाश हरि, भोला पासवान, मंगल हरि सहित अन्य कर्मी तथा एनसीसी के सीनियर अंडर ऑफिसर शंकर कुमार यादव, कैडेट शिवांग कुमार यादव, प्रियांशु कुमार यादव, नित्या मंडल, विक्रम कुमार दत्ता, धोनी कुमार, वसीम अंसारी, तनु प्रिया, छोटी कुमारी, शिवानी कुमारी एवं प्रियंका कुमारी सहित कई कैडेट उपस्थित थे।

अभियान के माध्यम से सभी ने संदेश दिया कि गंगा की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। गंगा के प्रति सच्ची श्रद्धा तभी सार्थक होगी, जब हम उसे स्वच्छ, निर्मल और प्रदूषणमुक्त रखने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें