प्रखंड अध्यक्ष अमित चौधरी के नेतृत्व में पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन, बोले- लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
Sahibganj:रांची स्थित डिजिटल मीडिया के चर्चित पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय में सिमडेगा एवं रांची पुलिस की संयुक्त छापेमारी और कार्यालय से सामान जब्त किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ पत्रकारों में बेहद आक्रोश देखा जा रहा है।इसी क्रम में झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) की तालझारी प्रखंड इकाई ने विरोध जताते हुए मुख्य सचिव झारखंड सरकार के नाम राम सुमन प्रसाद प्रखंड विकास पदाधिकारी तालझारी को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और की गई कार्रवाई की समीक्षा करने की मांग उठाई।
ज्ञापन सौंपने का नेतृत्व जेजेए प्रखंड अध्यक्ष अमित चौधरी ने किया।इस दौरान पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।पत्रकार समाज की समस्याओं,जन हित के मुद्दों और प्रशासनिक गतिविधियों को जनता के सामने लाने का काम करते हैं,ऐसे में किसी पत्रकार के कार्यालय पर छापेमारी और वहां से सभी सामान जब्त किए जाने की कार्रवाई कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष अमित चौधरी ने कहा कि पत्रकार लोक तंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी जिम्मेदारी समाज की आवाज को निष्पक्षता के साथ सामने लाना है।यदि किसी पत्रकार के खिलाफ कोई आरोप या शिकायत है तो उसकी जांच पूरी तरह निष्पक्ष और कानूनी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए,किसी को भी न्यायालय से दोषी साबित होने से पहले अपराधी मानकर व्यव हार करना उचित नहीं है,उन्होंने कहा कि पत्रकारों को डराने या उनकी कलम की आवाज दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के सवाल पर चुप नहीं बैठेगा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ सिमडेगा पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद आनन-फानन में उनके आवास एवं डिजिटल मीडिया कार्यालय पर छापेमारी की गई और कार्यालय से सामान जब्त कर लिया गया। संगठन ने इस पूरी कार्रवाई को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही कहा कि किसी भी आरोपी को न्यायालय द्वारा दोषी करार दिए जाने तक निर्दोष मानने के कानूनी सिद्धांत का सम्मान किया जाना चाहिए।
जेजेए ने स्पष्ट किया कि संगठन न तो मीडिया ट्रायल का सम र्थन करता है और न ही पत्रकारिता के नाम पर किसी प्रकार की अनुचित गतिविधि को उचित ठहराता है,मीडिया की स्वतंत्रता के साथ-साथ मीडिया कोड ऑफ कंडक्ट का पालन भी जरूरी है। लेकिन कानून के नाम पर पत्रकारों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।
संगठन ने मुख्य सचिव से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, पत्रकार के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा करने तथा किसी भी पीड़ादायक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए उचित कदम उठाएगी।मौके पर जेजेए प्रखंड उपाध्यक्ष रिजवानुउल हक,सदस्य फातेह आलम, संजय सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।









