जेजेए ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की उठाई मांग
Sahibganj:पत्रकार अभिषेक भारती के रांची स्थित डिजि टल मीडिया कार्यालय में पुलिस की छापेमारी और कथित दुर्व्य वहार के मामले ने अब साहिबगंज में भी तूल पकड़ लिया है। पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में बुधवार को झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) की साहिबगंज जिला इकाई ने आवाज बुलंद की। संगठन की ओर से मुख्य सचिव, झारखंड सरकार, रांची के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पत्रकार के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने का नेतृत्व जेजेए जिला अध्यक्ष चंदन सिंह ने किया।संगठन ने कहा कि रांची स्थित डिजिटल मीडिया कार्यालय में सिमडेगा एवं रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कार्यालय के सामान जब्त किए जाने से पत्रकार समुदाय में गहरी नाराजगी है।इस तरह की कार्रवाई मीडिया की स्वतंत्रता और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय है।
जिला अध्यक्ष चंदन सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत आधार है।पत्रकार समाज की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सामने लाने का काम करते हैं।यदि किसी पत्रकार के खिलाफ कोई आरोप है तो उसकी जांच निष्पक्ष तरीके से कानूनी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए।न्यायालय द्वारा दोषी साबित किए जाने से पहले किसी को अपराधी मानकर व्यवहार करना उचित नहीं है।
ज्ञापन में संगठन ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी प्रकार के मीडिया ट्रायल का समर्थन नहीं करता है, लेकिन पत्रकारों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार और मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। एसोसिएशन ने यह भी कहा कि मीडिया की स्वतंत्रता के साथ पत्रकारिता के निर्धारित कोड ऑफ कंडक्ट का पालन करना भी उतना ही आवश्यक है।
संगठन ने मुख्य सचिव से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, कार्रवाई की समीक्षा करने और पत्रकार के विरुद्ध की जा रही पीड़ादायक कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की। पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता की अहम भूमिका है। ऐसे मामलों में सरकार और प्रशासन को गंभीरता से पहल करनी चाहिए, ताकि पत्रकारों के सम्मान और मीडिया की स्वतंत्रता सुरक्षित रह सके।
मौके पर जिला महासचिव रबनवाज आलम,जिला सचिव आलोक कुमार,जिला कोषाध्यक्ष अमित कुमार सिंह,अरविंद यादव, मनीष शर्मा, प्रदेश डिजिटल मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शिवशंकर निराला सहित जिला कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









