Ranchi:पत्रकारों पर पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ मुख्यमंत्री से मिले शाहनवाज हसन,बोले-मीडिया की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जेजेए संस्थापक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की वार्ता, मुख्य सचिव अविनाश कुमार को सौंपा ज्ञापन; अभिषेक भारती प्रकरण में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई पर तत्काल रोक की मांग

Ranchi:पत्रकार अभिषेक भारती के रांची स्थित डिजिटल मीडिया कार्यालय में पुलिस की छापेमारी और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला अब मुख्यमंत्री तक पहुंच गया है। इस प्रकरण को लेकर भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ एवं झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) के संस्थापक शाहनवाज हसन के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर पूरे मामले पर गंभीर चिंता जताई,प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव अविनाश कुमार को भी ज्ञापन सौंपकर पत्रकार के विरुद्ध की जा रही पीड़ादायक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि पत्रकार अभिषेक भारती के रांची स्थित डिजिटल मीडिया कार्यालय में सिमडेगा एवं रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई तथा कार्यालय से सामान जब्त किए जाने की घटना से देशभर के पत्रकारों में आक्रोश है। संगठन ने कहा कि किसी पत्रकार के कार्यालय को इस तरह निशाना बनाना और उनके आवास एवं कार्यालय पर छापेमारी करना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर विषय है।

ज्ञापन में कहा गया कि अभिषेक भारती के विरुद्ध सिमडेगा पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद जिस तरह आनन-फानन में कार्रवाई की गई, वह चिंताजनक है। संगठन का मानना है कि किसी भी व्यक्ति को न्यायालय द्वारा दोषी करार दिए जाने तक दोषी नहीं माना जाना चाहिए। कानून अपना काम करे, लेकिन किसी पत्रकार के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है।

इस दौरान संस्थापक शाहनवाज हसन ने पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पत्रकारों का काम जनहित के मुद्दों को सामने लाना और व्यवस्था से सवाल करना है। यदि किसी पत्रकार के खिलाफ शिकायत है तो उसकी निष्पक्ष जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो और जांच पूरी होने तक पीड़ादायक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।

संगठन ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी प्रकार के मीडिया ट्रायल का समर्थन नहीं करता है।मीडिया की स्वतंत्रता के साथ पत्रकारिता के कोड ऑफ कंडक्ट का पालन भी अनिवार्य है। लेकिन मीडिया कर्मियों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार और उनकी स्वतंत्रता पर किसी भी प्रकार का हमला स्वीकार्य नहीं है।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मामले में गंभीरता से हस्तक्षेप करने तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।इस अवसर पर पत्रकार रूपम,राजेश कृष्ण,प्रभाकर श्रीवास्तव, नूतन तिर्की, निलोय सेनगुप्ता एवं नितेश रंजन सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें