साहिबगंज मेगा जलापूर्ति योजना के तीनों हिस्सों का काम जल्द शुरू करने का निर्देश,बंद पड़ी जला पूर्ति योजनाओं का होगा जीर्णोद्धार
Sahibganj:जिले के ग्रामीण इलाकों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की कवायद तेज हो गई है। लंबित जलापूर्ति योजनाओं को गति देने और आम लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने अधिकारियों एवं संवेदकों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है।
बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के अंतर्गत संचालित विभिन्न ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की भौतिक प्रगति, निर्माण कार्यों और लंबित प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने साहिबगंज मेगा जलापूर्ति योजना के तीनों हिस्सों राजमहल मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना, बरहेट मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना और साहिबगंज मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना का कार्य जल्द से जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बहुग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के सभी घटकों पर समानांतर रूप से काम होना चाहिए, ताकि निर्धारित समय-सीमा में योजनाएं पूरी हो सकें।
तालझारी प्रखंड की सम्पूर्ण आच्छादन ग्रामीण जलापूर्ति योजना के सभी घटकों को एक साथ संचालित करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने को कहा गया। वहीं बोरियो प्रखंड की योजना को भी तय समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। मंडरो प्रखंड की योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पाइपलाइन बिछाने समेत सभी निर्माण कार्यों को समानांतर रूप से संचालित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा बरहेट बाजार एवं सन्निकट ग्राम ग्रामीण जलापूर्ति योजना को जल्द पूरा करने तथा साहिबगंज-गोड्डा-दुमका मेगा बल्क जलापूर्ति योजना के सभी घटकों पर एक साथ काम कराने का निर्देश दिया गया।
बंद जलापूर्ति योजनाओं का होगा जीर्णोद्धार
उपायुक्त ने उन जलापूर्ति योजनाओं की सूची तैयार करने को कहा, जिनकी मरम्मत एवं रखरखाव की अवधि समाप्त हो चुकी है और जो फिलहाल बंद पड़ी हैं। ऐसी योजनाओं का आकलन कर उनके जीर्णोद्धार के लिए आवश्यक प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने भौतिक रूप से पूर्ण हो चुकी योजनाओं की जांच, प्रगति और हस्तांतरण की प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा।
जनता दरबार की शिकायतों पर डीसी सख्त
जनता दरबार में पेयजलापूर्ति से संबंधित मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। जिन क्षेत्रों में नई जलापूर्ति योजना की आवश्यकता है, वहां प्राक्कलन तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि लोगों को सुचारु रूप से पेयजल मिल सके। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आगामी समीक्षा बैठक में सभी कनीय अभियंता अद्यतन जांच प्रतिवेदन के साथ उपस्थित होंगे।
बैठक में कार्यपालक अभियंता शशि शेखर सिंह,सहायक अभियंता गौरव कुमार, सभी कनीय अभियंता, बहुग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं से जुड़े संवेदक तथा जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला समन्वयक उपस्थित थे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









