Sahibganj:फोरलेन पर मनमानी पार्किंग करने वालों की अब खैर नहीं, NHAI और परिवहन विभाग ने चलाया संयुक्त अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजमहल-केलाबाड़ी सड़क पर अवैध रूप से खड़े भारी व छोटे वाहनों को हटवाया,वाहन चालकों को दी सख्त चेतावनी,दोबारा नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

Sahibganj:फोरलेन सड़क को पार्किंग स्थल समझकर जहां-तहां वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ अब प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। राजमहल-केलाबाड़ी फोरलेन पर अवैध पार्किंग के कारण यातायात में हो रही परेशानी और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए गुरुवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े भारी और छोटे वाहनों को हटवाया गया।

अभियान के दौरान एनएचएआई के डिप्टी मैनेजर आदित्य रत्नम एवं मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) अभिषेक मुंडा ने फोरलेन के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क किनारे मनमाने तरीके से वाहन खड़ा करना यातायात नियमों का उल्लंघन है। इससे न केवल आवागमन बाधित होता है, बल्कि तेज रफ्तार वाहनों के बीच दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।

संयुक्त टीम ने वाहन चालकों को हिदायत दी कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करें और सड़क को आवागमन के लिए बाधामुक्त रखें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में सड़क किनारे अवैध पार्किंग करते पकड़े जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान का मुख्य उद्देश्य राजमहल-केलाबाड़ी फोरलेन पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना, आम राहगीरों को परेशानी से बचाना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। मौके पर महेश सिंह, संजय कुमार, अनुज परासर, राजहंस सहित अन्य संबंधित कर्मी मौजूद थे।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें