A-1 और A-8 कोच में यात्रियों को बनाया था निशाना, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से खुला राज
Sahibganj:जमालपुर एक्सप्रेस में यात्रियों के कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाले चोर गिरोह के खिलाफ रेल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ट्रेन में 9 और 10 तारीख की रात हुई चोरी की तीन अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरोह का मुख्य सरगना समेत अन्य सदस्य अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
जानकारी के अनुसार चोरी की तीनों घटनाओं को जमालपुर एक्सप्रेस (13071) के ए-1 और ए-8 कोच में अंजाम दिया गया था। इस दौरान हावड़ा निवासी श्रुति मिश्रा,कोलकाता के ठाकुरपुकुर निवासी जीना मुखर्जी और मुंगेर के बतियारपुर निवासी तनुजा ज्योति को गिरोह ने निशाना बनाया था। यात्रियों के सामान चोरी होने के बाद रेल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह की गतिविधियों का पता लगाया। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेल सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि तीनों चोरी की घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से पीड़िता जीना मुखर्जी का चोरी हुआ सामान बरामद किया है।
वहीं श्रुति मिश्रा का सामान लेकर फरार हुआ गिरोह का मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।आरपीएफ इंस्पेक्टर के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के तकनीकी विश्लेषण से आरोपियों की पहचान करने में सफलता मिली है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
रेल पुलिस ने दावा किया है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार ट्रेनों में हो रही चोरी की घटनाओं के बीच संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









