थाने की चौखट पर ही महिला की सुरक्षा तार-तार!दुष्कर्म के आरोप में तीन पुलिसकर्मी गिरफ्तार,नौ निलंबित
सरायकेला,SARAIKELA-KHARSHAWAN:जिस पुलिस थाने में एक महिला सुरक्षा और न्याय की उम्मीद लेकर पहुंची थी, उसी थाना परिसर में उसके साथ दुष्कर्म की घटना ने पुलिस महकमे को शर्मसार कर दिया है। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में वायरलेस ऑपरेटर समेत तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि कर्तव्य में लापरवाही और महिला की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करने के आरोप में नौ अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 31 अक्टूबर को पुलिस को लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि 29 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे पति के साथ विवाद और मारपीट के डर से वह घर से निकल गई थी। इसके बाद पड़ोस की एक महिला की मदद से उसने गम्हरिया थाना में फोन किया। सूचना मिलने पर पीसीआर वाहन से उसे रात करीब 12 बजे गम्हरिया थाना लाया गया।
आरोप है कि थाना में ड्यूटी पर तैनात पदाधिकारी ने महिला को बगल के कमरे में आराम करने के लिए कहा। इसी दौरान थाना में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा ने कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई।
महिला के लिखित आवेदन के आधार पर गम्हरिया थाना कांड संख्या 86/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(a)/68 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी आरक्षी संख्या 410 नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर एसडीपीओ सरायकेला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। एसआईटी की जांच के दौरान पु०अ०नि० मनोज कुमार साहू (54 वर्ष) और आरक्षी संख्या 1088 संतोष कुमार राय (50 वर्ष) की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद दोनों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
वहीं, एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर कर्तव्य में घोर लापरवाही, महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफलता और पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप में नौ पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस केंद्र सरायकेला वापस कर दिया गया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में पु०अ०नि० अजय पासवान, पु०अ०नि० ललन रविदास, स०अ०नि० विशु उरांव, स०अ०नि० मुकेश कुजूर, स०अ०नि० मुकेश रविदास, स०अ०नि० सीताराम सिंह पाहन, हवलदार पिताम्बर महतो, हवलदार बहादुर हांसदा और आरक्षी संख्या 230 मनोज गोराई शामिल हैं।
इस घटना ने पुलिस व्यवस्था और थानों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा और न्याय की आस में थाने पहुंची महिला के साथ कथित तौर पर हुई इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे को कठघरे में खड़ा कर दिया है। मामले में पुलिस की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SARAIKELA-KHARSHAWAN









