महिला सुरक्षा पर उठे सवाल,बरहेट में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया पुतला दहन
साहिबगंज,Sahibganj:जिले में सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आने के बाद राज्यभर में विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं।इसी घटना के विरोध में साहिबगंज जिले के बरहेट प्रखंड अंतर्गत भोगनाडीह में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सन्नी मरांडी ने की।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। झामुमो मुर्दाबाद, हेमंत सोरेन मुर्दाबाद और झारखंड पुलिस मुर्दाबाद के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए पीड़ित महिला को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मौके पर भाजपा नेता मंडल मुर्मू ने कहा कि थाना परिसर के भीतर महिला के साथ इस तरह की कथित घटना सामने आना बेहद गंभीर और चिंताजनक है।पुलिस प्रशासन की पहली जिम्मेदारी आम लोगों की सुरक्षा करना है,लेकिन जब सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले लोगों पर ही इस तरह के आरोप लगते हैं तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में पुलिसकर्मियों के गलत आचरण पर प्रभावी अंकुश लगाने की जरूरत है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पीड़ित महिला को न्याय मिले और आरोपित सिपाही के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
पुतला दहन कार्यक्रम में रमिता तिवारी, खगेन्द्र साह, अपर्णा बनर्जी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर महिला सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने की मांग उठाई।









