मालगोदाम रोड पर पुलिस की छापेमारी, आईफोन, 5,320 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की ग्लैमर बाइक बरामद; आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज
Pakur:जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन, 5 हजार 320 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की ग्लैमर बाइक भी बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को नगर थाना क्षेत्र के माल गोदाम रोड पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने की गुप्त सूचना मिली थी।सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान हिरणपुर थाना क्षेत्र के हाथकाठी छिरकापाड़ा निवासी 21 वर्षीय सूरज कुमार दुबे के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 30 ग्राम ब्राउन शुगर, एक आईफोन, 5,320 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की एक ग्लैमर बाइक बरामद की गई।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। इस संबंध में नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ऑपरेशन जीवन के तहत जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और अवैध कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन जीवन के तहत लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|PAKUR









