कुंजबोना पंचायत में 40 ग्रामीणों को मिला लर्निंग लाइसेंस, 15 दिसंबर तक जिले की सभी पंचायतों में चलेगा विशेष अभियान
Pakur:अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए ग्रामीणों को जिला मुख्यालय का बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। पंचायत स्तर पर ही लोगों को लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराने की दिशा में परिवहन विभाग ने विशेष पहल शुरू की है। इसी कड़ी में लिट्टीपाड़ा प्रखंड की कुंजबोना पंचायत में आयोजित विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में 40 पात्र आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश पर तथा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन में जिले में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान वैसे आवेदक, जिनकी आवेदन प्रक्रिया किसी कारणवश पूरी नहीं हो पाई थी, उनके दस्तावेजों की जिला परिवहन कार्यालय में जांच की गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सभी 40 पात्र आवेदकों को उसी दिन लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराया गया।
इस मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी, प्रधान लिपिक बैरियर हेंब्रम, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह सहित परिवहन कार्यालय के अन्य कर्मी मौजूद रहे।
जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने बताया कि यह विशेष अभियान 1 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों में निर्धारित तिथियों के अनुसार चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही लाइसेंस बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराना और परिवहन सेवाओं को आमजन के लिए सुलभ बनाना है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि निर्धारित शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर लर्निंग लाइसेंस बनवाएं तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए वैध लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाएं।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|PAKUR









