Pakur:खामोशी में छिपा था मौत का फन,सर्प मित्र की सूझबूझ से टाला बड़ा हादसा!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्लंबर की दुकान में निकला साढ़े पांच फीट लंबा जहरीला कोबरा, अचानक सामने आए नाग को देखकर मची अफरा -तफरी; सर्प मित्र असरफुल शेख ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Pakur:कभी-कभी रोजमर्रा की जिंदगी में ऐसा खौफनाक मंजर सामने आ जाता है,जिसे देखकर लोगों की रूह कांप उठती है।कुछ ऐसा ही नजारा पाकुड़ जिले के महेशपुर बाजार में देखने को मिला, जहां एक प्लंबर की दुकान में रखे पाइपों के ढेर के बीच साढ़े पांच फीट लंबा जहरीला कोबरा छिपा बैठा था। दुकान में अचानक सुनाई दी उसकी तेज फुफकार ने दुकानदार से लेकर आसपास मौजूद लोगों तक के होश उड़ा दिए। देखते ही देखते दुकान के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, महेशपुर बाजार निवासी राजेंद्र भगत की प्लंबर दुकान में बारिश के दौरान एक जहरीला सांप घुस आया था। दुकान में पाइप और अन्य सामान रखे हुए थे। इसी सामान के बीच सांप ने अपना ठिकाना बना लिया।शुरुआत में किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी,लेकिन जब पाइपों के ढेर के अंदर से सांप की फुफकार सुनाई देने लगी तो लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई।करीब से देखने पर वहां विशालकाय सांप दिखाई दिया। इसके बाद दुकान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। किसी की हिम्मत नहीं हुई कि वह सांप के करीब जाकर उसे बाहर निकालने की कोशिश करे।

सर्प मित्र की सूझबूझ से टला बड़ा खतरा

घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग के सर्प मित्र असरफुल शेख को दी गई। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे,दुकान में पाइपों के बीच छिपे खतरनाक सांप को देखते हुए उन्होंने बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे आबादी से दूर सुरक्षित प्राकृतिक स्थान पर छोड़ दिया गया। सांप के रेस्क्यू होने के बाद दुकानदार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।

स्पेक्टेकल्ड कोबरा था जहरीला सांप

सर्प मित्र असरफुल शेख के अनुसार, दुकान से पकड़ा गया सांप स्पेक्टेकल्ड कोबरा प्रजाति का था। इसकी लंबाई करीब साढ़े पांच फीट बताई गई है। उन्होंने इसकी उम्र लगभग 15 वर्ष होने की जानकारी भी दी। यह अत्यंत जहरीली प्रजाति का सांप है, जो सामान्यतः जंगलों, खेतों और बिलों में रहता है। बारिश के दौरान प्राकृतिक आवासों में पानी भरने तथा भोजन की तलाश में ऐसे सांप रिहायशी इलाकों, दुकानों और घरों तक पहुंच जाते हैं। विशेषकर चूहों की मौजूदगी वाले स्थान इनके लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं।

सांप दिखे तो न बनें खुद के हीरो,अस्पताल पहुंचने में न करें देरी

इस घटना के बाद सर्प मित्र असरफुल शेख ने आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर, दुकान या आसपास कहीं भी सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने, छेड़ने या मारने का प्रयास बिल्कुल न करें।इसकी सूचना तत्काल प्रशिक्षित सर्प मित्र या संबंधित विभाग को दें। वहीं, यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक और घरेलू उपचार के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। पीड़ित को बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए, जहां चिकित्सकीय निगरानी में एंटीवेनम सहित जरूरी उपचार मिल सके। सांप के काटने के बाद समय पर इलाज ही जान बचाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

महेशपुर की यह घटना एक बार फिर चेतावनी दे रही है कि बारिश के मौसम में घरों,दुकानों, गोदामों और सामान के ढेर के आसपास विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।क्योंकि कभी- कभी जिस जगह को हम सुरक्षित समझकर निश्चिंत रहते हैं, वहीं खामोशी से छिपा खतरा अचानक सामने आ सकता है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|PAKUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें