मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक में 73 मामलों की हुई समीक्षा,रिहाई के बाद कैदियों के पुनर्वास और मानसिक काउंसलिंग पर भी सरकार का जोर
Ranchi:वर्षों से जेल की चारदीवारी और सलाखों के पीछे जिंदगी गुजार रहे 26 कैदियों के लिए आजादी की राह खुलने जा रही है। झारखंड सरकार ने आजीवन कारावास की सजा काट रहे 26 कैदियों की रिहाई पर सहमति जताई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रिहाई के लिए अनुशंसित कुल 73 कैदियों के मामलों की गहन समीक्षा की गई।
इनमें 20 नए मामले तथा पिछली बैठकों में अस्वीकृत किए गए 53 मामले शामिल थे। पर्षद ने प्रत्येक मामले में कैदियों की पात्रता, जेल में उनके आचरण, अब तक काटी गई सजा की अवधि और संबंधित कानूनी प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत विचार-विमर्श किया। समीक्षा के बाद 26 कैदियों की रिहाई पर सहमति बनी। इससे लंबे समय से कारावास की सजा काट रहे इन बंदियों के जीवन में एक नई शुरुआत की उम्मीद जगी है।
रिहाई के बाद भी सरकार रखेगी नजर, पुनर्वास पर विशेष जोर
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि कैदियों की रिहाई केवल जेल से बाहर निकालने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिहा होने वाले कैदियों के लिए मनोवैज्ञानिक काउंसलर नियुक्त किए जाएं, ताकि उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से सामान्य जीवन में लौटने में मदद मिल सके।
मुख्यमंत्री ने उनके पुनर्वास में गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) का सहयोग लेने पर भी जोर दिया। सरकार का उद्देश्य है कि रिहा होने वाले कैदियों को समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले और वे दोबारा अपराध की दुनिया में कदम न रखें।
मानसिक रूप से अस्वस्थ बंदियों के इलाज की भी होगी व्यवस्था
बैठक में मानसिक रूप से अस्वस्थ कैदियों की स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि ऐसे बंदियों की रिहाई के बाद उनके बेहतर इलाज और देखभाल की जिम्मेदारी प्रोबेशन अधिकारियों को सौंपी जाए। इसके माध्यम से उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर निगरानी रखी जाएगी और आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
सरकार की इस पहल को न्यायिक प्रक्रिया के साथ मानवीय दृष्टिकोण और सामाजिक पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि रिहाई के बाद ये 26 कैदी समाज की मुख्यधारा में लौटकर नई जिंदगी की शुरुआत किस तरह करते हैं।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI









