राहुल दुबे गैंग के सदस्य तुषार मिश्रा के पैर में आई गंभीर चोट,आरोपी को पकड़ने में पुलिस जवान भी घायल;एसपी अमन कुमार अस्पताल पहुंचे
Hazaribag:जिले में पुलिस रिमांड के दौरान भागने की कोशिश करना होटल गोलीकांड के आरोपी तुषार मिश्रा को महंगा पड़ गया।राहुल दुबे गैंग के कथित सदस्य तुषार ने पुलिस को चकमा देकर फरार होने का प्रयास किया,लेकिन सुरक्षा बलों की सतर्कता से उसकी कोशिश नाकाम हो गई।इस दौरान आरोपी के पैर में गंभीर चोट आई,जबकि उसे पकड़ने के प्रयास में एक पुलिस जवान भी घायल हो गया।घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को कोर्रा थाना कांड संख्या 205/26 के अभियुक्त तुषार मिश्रा को पूछताछ के लिए रामगढ़ जेल से पुलिस रिमांड पर हजारीबाग लाया जा रहा था। इसी क्रम में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास उसने शौच जाने की बात कही।पुलिस वाहन से नीचे उतरते ही अचानक उसने भागने की कोशिश की। उसकी इस हरकत से पुलिसकर्मी सतर्क हो गए और तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।इस दौरान हुई खींचतान में तुषार के पैर में गंभीर चोट लग गई।वहीं आरोपी को काबू करने के दौरान एक पुलिस जवान भी जख्मी हो गया।
घटना के बाद देर रात दोनों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की। एसपी की मौजूदगी में मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली गई।
मीडिया से बातचीत में एसपी अमन कुमार ने बताया कि तुषार मिश्रा मतवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल में हुई गोलीबारी की घटना का आरोपी है।वह राहुल दुबे गैंग से जुड़ा हुआ है और होटल में फायरिंग की योजना तैयार करने में उसकी अहम भूमिका थी। एसपी के अनुसार,जेल में रहने के दौरान भी उसने गोलीबारी की योजना बनाई थी।इसी योजना के तहत हजारीबाग के अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था।
एसपी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में तुषार मिश्रा ने होटल फायरिंग की योजना में अपनी भूमिका स्वीकार की है।फिलहाल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ करेगी।इसके जरिए गोलीबारी की घटनाओं के पीछे की पूरी साजिश,गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|HAZARIBAG









