दो रेल डिब्बों के पलटने का बनाया गया काल्पनिक दृश्य, राहत ट्रेन से लेकर मेडिकल टीम तक की तत्परता का हुआ परीक्षण
Railways:रेल दुर्घटना जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित बचाव और राहत कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के मालदा मंडल की ओर से शनिवार को मालदा टाउन रेलवे स्टेशन यार्ड में व्यापक संयुक्त आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के समन्वय से आयोजित इस अभ्यास में रेलवे सहित विभिन्न आपातकालीन एजेंसियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान रेल दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति तैयार कर बचाव एवं राहत व्यवस्था की वास्तविक क्षमता को परखा गया।
मंडल रेल प्रबंधक मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी ताराचंद के पर्यवेक्षण में रेलवे के संरक्षा विभाग ने इस अभ्यास का संचालन किया। इसमें NDRF की द्वितीय बटालियन कोलकाता, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, राज्य पुलिस, अग्निशमन विभाग, राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), रेलवे सुरक्षा बल (RPF), भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी सहित विभिन्न आपातकालीन एजेंसियों ने भाग लिया।
मॉक ड्रिल के तहत मालदा टाउन रेलवे यार्ड में एक काल्पनिक रेल दुर्घटना का दृश्य तैयार किया गया, जिसमें दो रेल डिब्बों को पटरी से उतरकर पलटने की स्थिति दिखाई गई। अभ्यास सुबह 10:40 बजे शुरू हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे राहत दल को सक्रिय किया गया और दुर्घटना राहत ट्रेन (ART) को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। वहीं, यात्रियों को सूचना और सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर पूछताछ बूथ एवं यात्री सहायता केंद्र भी बनाए गए।
अभ्यास के दौरान रेलवे के संरक्षा, चिकित्सा, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार, परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, वाणिज्य और सुरक्षा विभागों की तैयारियों का आकलन किया गया। विशेष रूप से दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने, चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा विभिन्न बचाव एजेंसियों के बीच समन्वय की प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित किया गया।
चुनौतीपूर्ण मौसम और बारिश के बावजूद सभी संबंधित टीमों ने बेहतर तालमेल और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए निर्धारित बचाव कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया। अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की अफरा-तफरी न हो, इसके लिए पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट रूप से मॉक ड्रिल के रूप में चिह्नित किया गया था।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि NDRF के साथ संयुक्त अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में रेलवे के राहत एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों की तैयारी, कार्यकुशलता, प्रतिक्रिया समय और बचाव क्षमता का आकलन करना है। ऐसे अभ्यासों से रेलवे कर्मचारियों को NDRF के आधुनिक बचाव उपकरणों, तकनीकों और प्रक्रियाओं की जानकारी मिलती है। वहीं, NDRF के जवानों को रेल डिब्बों की संरचना और दुर्घटना के दौरान बचाव कार्यों में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, ताकि आपातकालीन तैयारियों में कमियों की पहचान कर उनमें सुधार किया जा सके और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को और मजबूत बनाया जा सके।
इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अमरेन्द्र कुमार मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अनूपा घोष सहित मालदा मंडल के विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी उपस्थित थे।मालदा मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नियमित प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI









