तीन शव वाहन उपलब्ध होने के बावजूद नहीं आया काम,अपने ही कर्मचारी को सम्मानजनक विदाई तक नहीं दे सका नगर निगम
Giridih:जिले में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले नगर निगम की संवेदनहीनता का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है।जिस सफाईकर्मी ने शहर की सफाई व्यवस्था में अपना योगदान दिया, उसकी मौत के बाद शव को सम्मानजनक तरीके से अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था भी नगर निगम नहीं कर सका।नगर निगम के सफाईकर्मी का शव कचरा ढोने वाली गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाए जाने की तस्वीर सामने आने के बाद निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार पचंबा थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय सोनू हाड़ी नगर निगम में दैनिक सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत थे। तालाब में डूबने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पोस्ट मार्टम की प्रक्रिया के लिए उनका शव सदर अस्पताल ले जाना था। लेकिन इसके लिए शव वाहन के बजाय कचरा उठाने वाली गाड़ी का इस्तेमाल किया गया। इस घटना ने नगर निगम की मानवीय संवेदनशीलता और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि सरकार की ओर से नगर निगम को तीन शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके बावजूद जरूरत के समय एक भी शव वाहन का उपयोग नहीं किया गया। सवाल उठता है कि आखिर तीन शव वाहन किस काम के लिए उपलब्ध कराए गए हैं, जब जरूरतमंदों को उनका लाभ ही नहीं मिल पा रहा है!
जिस कर्मचारी ने अपनी मेहनत से शहर को स्वच्छ रखने में योगदान दिया, उसे मृत्यु के बाद भी सम्मानजनक विदाई नहीं मिलना व्यवस्था की गंभीर विफलता को उजागर करता है। इस घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल उठने लगे हैं।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|GIRIDIH









