Giridih:अशोका इंटरनेशनल होटल में बीजेपी की अहम बैठक,भय,भ्रष्टाचार और अरा जकता के खिलाफ भाजपा का बिगुल, हेमंत सरकार को सड़क से लेकर सदन तक घेरेने की तैयारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महिला अत्याचार,छात्र उत्पीड़न और 27 हजार करोड़ की कथित वित्तीय अनियमितता पर सरकार को घेरा, 26 नवंबर को मनाएगी संविधान गौरव दिवस

Giridih:झारखंड की सियासत में भाजपा ने हेमंत सरकार के खिलाफ तेवर तेज करने के संकेत दिए हैं।गिरिडीह के बड़ा चौक स्थित अशोका इंटरनेशनल होटल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की महत्व पूर्ण बैठक आयोजित हुई।बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और राज्य के विभिन्न जन हित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद भाजपा ने महिला सुरक्षा, छात्रों के अधिकार, कानून-व्यवस्था और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।

बैठक का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय एवं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। गिरिडीह महानगर अध्यक्ष रंजीत कुमार राय और ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश के नेताओं का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।

26 नवंबर को मनाया जाएगा संविधान गौरव दिवस

बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि बैठक में संगठन की मजबूती, पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को भाजपा संविधान गौरव दिवस मनाएगी। इस अवसर पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान, संविधान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के कार्यों को जनता के बीच रखा जाएगा। साथ ही कांग्रेस के शासनकाल में संविधान के कथित उल्लंघन के मुद्दों को भी उठाया जाएगा।

महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा

अमर बाउरी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में भय, भ्रष्टाचार और अराजकता का माहौल है। कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और महिला अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने गम्हरिया थाना प्रकरण, सुंदरपहाड़ी मामला, सिमडेगा विधायक प्रकरण, निशा भगत आत्महत्या मामला और गिरिडीह बैंक डकैती जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों पर उठने वाली आवाज को दबाने के लिए प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन को रोकने, उन्हें थानों में बैठाने और जेल भेजने जैसी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

छात्रों के साथ मारपीट का लगाया आरोप

प्रदेश महामंत्री ने गिरिडीह में जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल की कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट का आरोप भी लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा जा रहा था, तब पुलिस और प्रशासन कहां थे? उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।

खनिज संपदा और वित्तीय अनियमितताओं पर भी उठाए सवाल

अमर बाउरी ने 25 और 26 नवंबर को एमएमडीआर के मुद्दे पर बुलाए गए विशेष सत्र को लेकर भी राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में खनिज संपदा की अवैध तस्करी हो रही है और खनिजों की लूट पर अंकुश लगाने के प्रयासों से सत्तारूढ़ दलों में बेचैनी है। एसआईआर और ईवीएम के मुद्दे पर कांग्रेस की भूमिका को भी उन्होंने दोहरा चरित्र बताया।

उन्होंने राज्य में 27 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कथित वित्तीय अनियमितताओं, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन तथा छात्रवृत्ति के लंबित भुगतान का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित की समस्याओं के समाधान के बजाय लूट-खसोट में जुटी हुई है।

जनता के सवालों से भाग रही सरकार : अमर बाउरी

अमर बाउरी ने कहा कि राज्य की जनता में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है। सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि आवाज उठाने वालों को डराने और प्रताड़ित करने का प्रयास करना चाहिए।उन्होंने कहा कि महिला अत्याचार के खिलाफ भाजपा का संघर्ष पीड़ितों को न्याय मिलने तक जारी रहेगा। वहीं छात्रों के अधिकारों और राज्य की वित्तीय व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, सुनील सोरेन, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह सहित प्रदेश के विभिन्न पदाधिकारी एवं मोर्चा अध्यक्ष उपस्थित थे।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|GIRIDIH

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें