Sahibganj:बरहरवा स्टेशन पर RPF का बड़ा एक्शन,चार नाबालिग बच्चों को कराया रेस्क्यू,एक गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कबाड़ी दुकान में मजदूरी कराने के लिए रांची ले जाने की थी तैयारी, प्रत्येक बच्चे को 6 से 7 हजार रुपये देने की हुई थी बात

Sahibganj:जिले के बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग बच्चों को संभावित बाल मजदूरी के चंगुल में जाने से बचा लिया।गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में बच्चों को कथित तौर पर मजदूरी कराने के लिए रांची ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरपीएफ की सतर्कता से चार मासूमों का भविष्य अंधकारमय होने से बच गया।

जानकारी के अनुसार आरपीएफ को सूचना मिली थी कि बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो से चार नाबालिग बच्चों को ट्रेन के माध्यम से रांची ले जाया जा रहा है।सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों बच्चों को रेस्क्यू किया और उनके साथ मौजूद व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राधानगर थाना क्षेत्र के पहाड़गांव निवासी 36 वर्षीय शाहिद शेख के रूप में हुई है।रेस्क्यू किए गए चारों बच्चों की उम्र 13 से 15 वर्ष के बीच बताई गई है।प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें वनांचल एक्सप्रेस से रांची ले जाया जा रहा था,जहां एक कबाड़ी दुकान में काम पर लगाने की योजना थी।इसके एवज में प्रत्येक बच्चे को छह से सात हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।

इस कार्रवाई में आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के साथ एएसआई सुरेश पासवान,हेड कांस्टेबल नवीन कुमार यादव तथा मंथन संस्था की प्रतिनिधि आराधना मंडल शामिल रहीं। संयुक्त टीम ने सभी बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद उनके संरक्षण की व्यवस्था की।

मामले को लेकर जीआरपी बरहरवा में कांड संख्या 61/2026 के तहत बीएनएस एवं किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।आगे की आवश्यक कार्रवाई और पुनर्वास प्रक्रिया के लिए चारों बच्चों को मंथन संस्था की प्रतिनिधि आराधना मंडल को सौंप दिया गया है।

आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है। समय रहते की गई पहल ने न केवल चार नाबालिगों को संभावित बाल मजदूरी से बचाया, बल्कि बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति रेलवे सुरक्षा बल की जिम्मेदारी को भी रेखांकित किया है।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें