आठगांमा फुटबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधान सभा क्षेत्र में खेल आयोजन को मिला उत्साह
Sahibganj:जिले के पतना प्रखंड अंतर्गत आठगांमा फुट बॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट में खेल और रोमांच का शानदार संगम देखने को मिला।प्रतियोगिता के फाइ नल मुकाबले में झामुमो युवा मोर्चा के साहिबगंज जिला अध्यक्ष संजय गोस्वामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके पहुंचने पर आयोजन समिति के सदस्यों और खेल प्रेमियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
मुख्य अतिथि संजय गोस्वामी ने फीता काटकर एवं फुटबॉल को किक मारकर मुकाबले का विधिवत शुभारंभ किया।इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।आयोजकों की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर संजय गोस्वामी ने कहा कि बरहेट विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आबुआ सरकार खेल और खिलाड़ियों के प्रति सजग एवं संवेदनशील है।सरकार की सोच है कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और अवसर मिले,ताकि गांव की मिट्टी से निकलने वाले खिलाड़ी राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।उन्होंने कहा कि बरहेट विधानसभा क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति युवाओं का विशेष लगाव है।ऐसे टूर्नामेंट ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आगे उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन,संघर्ष,एकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए,उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतर होना चाहिए,जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता रहे।
टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल,तेज रफ्तार और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया।मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में जुटे रहे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों की तालियों से पूरा मैदान गूंजता रहा।
आठगांमा का यह आयोजन एक बार फिर साबित कर गया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती।जरूरत है तो बस एक मंच, सही मार्गदर्शन और अवसर की।गांव की पग डंडियों से निकलकर जब युवा खेल के मैदान में उतरते हैं,तो उनके कदमों में सिर्फ जीत का जुनून नहीं,बल्कि झारखंड का भविष्य भी दौड़ता है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









