Muzaffarpur:शादी में एंकरिंग करने मुजफ्फरपुर पहुंचीं कोलकाता की दो महिला एंकर शराब के साथ गिरफ्तार,होटल मैनेजर समेत चार पर FIR

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

माड़ीपुर के निजी होटल में पुलिस की छापेमारी, कमरे से वोदका और विदेशी शराब की दो बोतलें बरामद; पूछताछ के बाद दोनों महिलाओं को भेजा गया न्यायिक हिरासत में

Muzaffarpur:बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब के सेवन और अवैध कारोबार के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माड़ीपुर स्थित एक निजी होटल में पुलिस ने छापेमारी कर शराब के साथ पश्चिम बंगाल की दो महिला एंकरों को गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाएं शहर में आयोजित शादी समारोहों में एंकरिंग करने के लिए मुजफ्फरपुर आई थीं और होटल में ठहरी हुई थीं। पुलिस ने उनके कमरे से वोदका समेत प्रीमियम ब्रांड की विदेशी शराब की दो बोतलें बरामद कर जब्त की हैं।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित राजेंद्र प्रसाद कॉलोनी निवासी मधुमिता मुखर्जी और पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया स्थित दुर्गाचक निवासी पिंकी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं होटल के कमरे में शराब का सेवन कर रही थीं। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।

गुप्त सूचना पर होटल में हुई छापेमारी

जानकारी के अनुसार, दोनों महिला एंकर मुजफ्फरपुर में आयोजित शादी समारोहों में कार्यक्रम प्रस्तुत करने और एंकरिंग करने आई थीं। गुरुवार की रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे माड़ीपुर स्थित निजी होटल के कमरे में पहुंचीं। इसी दौरान पुलिस को होटल के कमरे में शराब रखे जाने और सेवन किए जाने की सूचना मिली। सूचना के सत्यापन के बाद काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस ने होटल में छापेमारी की। तलाशी के दौरान कमरे से शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

होटल मैनेजर समेत चार लोगों पर प्राथमिकी

मामले को लेकर एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि शहर के होटल, लॉज और धर्मशालाओं की नियमित जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश थानाध्यक्षों को दिया गया है। इसी अभियान के तहत माड़ीपुर स्थित एक होटल में तलाशी ली गई। जांच के दौरान होटल में ठहरी दो महिलाओं के कमरे से शराब की दो बोतलें बरामद कर जब्त की गईं। दोनों महिलाएं पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं और उन्हें मौके से गिरफ्तार किया गया।

एसपी ग्रामीण ने आगे बताया कि मामले में पूछताछ के बाद होटल मैनेजर समेत कुल चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों गिरफ्तार महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

शराब की आपूर्ति का स्रोत खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद शराब दोनों महिलाएं अपने साथ पश्चिम बंगाल से लेकर आई थीं या मुजफ्फरपुर में किसी स्थानीय व्यक्ति अथवा शराब कारोबारी ने उन्हें उपलब्ध कराई थी। साथ ही होटल में शराब पहुंचने और इसमें अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। काजीमोहम्मदपुर थाने में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|MUZAFFARPUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें