गुजरात में झारखंड-बंगाल के 17 प्रवासी मजदूर बंधक!दो महीने से नहीं मिला वेतन,मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
Dumka:रोजगार और बेहतर मजदूरी की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले गरीब और आदिवासी मजदूरों के शोषण का एक गंभीर मामला सामने आया है।दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत चितरागाड़ियां पंचायत के आसानबनी गांव के रहने वाले प्रवासी मजदूरों सहित झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुल 17 मजदूरों को गुजरात के राजकोट जिले के मोरबी क्षेत्र स्थित डेल्टा सिरामिक टाइल्स कंपनी में कथित तौर पर बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया गया है। इनमें आठ लड़कियां भी शामिल बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार,पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट थाना क्षेत्र के आतुरिया गांव निवासी जीतन सोरेन नामक एजेंट कथित तौर पर सभी मजदूरों को आसान काम और बेहतर मानदेय दिलाने का प्रलोभन देकर गुजरात ले गया था। लेकिन वहां पहुंचने के बाद मजदूरों की स्थिति कथित तौर पर बदतर हो गई। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन और स्थानीय एजेंट की ओर से उनका मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण किया जा रहा है।
पीड़ित मजदूरों के मुताबिक,कंपनी में दो महीने तक काम कराने के बावजूद उन्हें अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। निर्धारित आठ घंटे के बजाय उनसे 12 घंटे तक काम कराया जाता है। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती है। इतना ही नहीं, परिवार वालों से संपर्क तोड़ने के उद्देश्य से उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए गए हैं।
मजदूरों ने किसी तरह वहां से निकलकर रेलवे स्टेशन पहुंचने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि कंपनी के अधिकारियों को इसकी भनक लग गई। इसके बाद उन्हें स्टेशन से पकड़कर मारपीट की गई और दोबारा कंपनी परिसर में लाकर जबरन काम करने के लिए मजबूर किया गया।
मजदूरों का यह भी आरोप है कि कंपनी परिसर में आठ अन्य प्रवासी लड़कियां भी काम कर रही हैं। वे भी कथित तौर पर डर और धमकी के माहौल में रहने को मजबूर हैं। मारपीट और जान से मारने की धमकी के कारण वे वहां से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही हैं।
परिजनों ने प्रशासन से लगाई गुहार
इधर, मजदूरों की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन काफी चिंतित हैं। संकटग्रस्त मजदूर संजय सोरेन के पिता जोसेफ सोरेन ने बताया कि उन्होंने स्थानीय एजेंट जीतन सोरेन से संपर्क कर सभी मजदूरों को सुरक्षित वापस घर लाने का आग्रह किया, लेकिन एजेंट की ओर से लगातार टालमटोल किया जा रहा है।
परिजनों ने इस मामले को लेकर शिकारीपाड़ा थाना प्रशासन को लिखित आवेदन भी दिया है। उन्होंने प्रशासन से गुजरात में फंसे सभी मजदूरों को सुरक्षित वापस लाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
पीड़ितों में संजय सोरेन, साइमन हांसदक, श्यामलाल सोरेन, सुकोल हेंब्रम, सुनीराम सोरेन, रामदास मुर्मू सहित अन्य मजदूर शामिल हैं। इनके साथ आठ लड़कियों के भी वहां फंसे होने की बात कही गई है।
एजेंट पर कानूनी कार्रवाई और सुरक्षित वापसी की मांग
संजय सोरेन के पिता जोसेफ सोरेन ने दूरभाष के माध्यम से गुहार लगाते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि सभी प्रवासी मजदूरों का बकाया मानदेय दिलाया जाए तथा उन्हें बिना किसी नुकसान के सुरक्षित उनके घर वापस लाया जाए। उन्होंने स्थानीय एजेंट जीतन सोरेन के विरुद्ध कथित धोखाधड़ी, मजदूरी का भुगतान नहीं कराने और मजदूरों को जबरन बंधक बनाकर रखने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दूसरे राज्य में रोजी-रोटी कमाने गए इन गरीब मजदूरों को आखिर कब न्याय मिलेगा? प्रशासन और श्रम विभाग कब तक उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेंगे!
REPORTER|SUSHANTO SOREN|DUMKA









