Jamtara:अपनी भाषा-संस्कृति ही आदिवासी समाज की असली पहचान इसे बचाना हम सबकी जिम्मेदारी:सीता सोरेन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लछुरायडीह में आदिवासी जोम सिम बिन्ती सह महासम्मेलन- 2026 का भव्य आयोजन, पारंपरिक नृत्य-गीत से गूंजा मैदान,उमड़ा जनसैलाब

Jamtara:जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत लछुरायडीह फुटबॉल मैदान शनिवार को आदिवासी संस्कृति, परंपरा और एकजुटता के रंग में सराबोर नजर आया। यहां आदिवासी सांवता सुसार आखड़ा समिति की ओर से आदिवासी जोम सिम बिन्ती सह महासम्मेलन-2026 का भव्य आयोजन किया गया। महासम्मेलन में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, नृत्य और गीत-संगीत ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक सह पूर्व लोक सभा प्रत्याशी सीता सोरेन शामिल हुई,समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य-गीत और शॉल भेंट कर उनका गर्म जोशी से स्वागत किया।मंच पर पहुंचने के बाद सीता सोरेन ने आदिवासी महानायक सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, दिशोम गुरु शिबू सोरेन तथा अपने पति स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

अपने संबोधन में सीता सोरेन ने कहा कि आदिवासी समाज की असली पहचान उसकी भाषा, संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से अटूट जुड़ाव में निहित है। अपनी भाषा और सांस्कृतिक विरासत को बचाकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संस्कृति ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। जब तक समाज अपनी जड़ों से जुड़ा रहेगा, तब तक कोई भी उसकी पहचान और अस्तित्व को कमजोर नहीं कर सकता।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपनी मातृभाषा, रीति-रिवाज और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही समाज के लोगों को एकजुट रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही विकास की सबसे बड़ी पूंजी है।महासम्मेलन में भारत जोगत रेन बिन्ती गुरु बाबा मानोतान सोमाई किस्कू भी मौजूद रहे। उन्होंने समाज की एकजुटता, पारंपरिक मान्यताओं और जोम सिम बिन्ती के महत्व पर प्रकाश डाला।

वहीं, कार्यक्रम में मनोरंजन का खास आकर्षण आदिवासी समाज के चर्चित गीतकार एवं सुपरस्टार रथीन किस्कू रहे। उन्होंने अपने पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके गीतों की धुन पर महिला-पुरुष और युवाओं ने जमकर पारंपरिक नृत्य किया। देखते ही देखते पूरा फुटबॉल मैदान आदिवासी लोककला, संगीत और सांस्कृतिक उल्लास का जीवंत मंच बन गया।महासम्मेलन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भाषा, संस्कृति और परंपरा केवल विरासत नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान और आने वाली पीढ़ियों के लिए अनमोल धरोहर हैं।

REPORTER|SANTOSH KUMAR|JAMTARA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें