एसएनआईडी कार्यक्रम का शुभारंभ,बोले बीडीओ-स्वस्थ बचपन ही मजबूत समाज की नींव, एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से नहीं रहे वंचित
Sahibganj:जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने और स्वस्थ समाज के निर्माण के संकल्प के साथ रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालझारी में एसएन आईडी पल्स पोलियो कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी रामसुमन प्रसाद की अध्यक्षता में किया गया।इस दौरान उपस्थित स्वास्थ्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने अभिभावकों को पोलियो की दो बूंद का महत्व समझाते हुए पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से खुराक पिलाने की अपील की।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी रामसुमन प्रसाद ने कहा कि बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं।उनके बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित बचपन के बिना विकसित समाज की कल्पना नहीं की जा सकती।पोलियो एक ऐसी बीमारी है, जिससे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। सरकार द्वारा चलाया जा रहा पल्स पोलियो अभियान बच्चों को दिव्यांगता के खतरे से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पोलियो की दो बूंद केवल दवा नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है।
बीडीओ ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह,लापरवाही या गलतफहमी के कारण अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने से वंचित नहीं रखें। पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निर्धारित अभियान के दौरान पोलियो की खुराक जरूर दिलाएं,उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि माता-पिता,जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कहा कि अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाए,बल्कि इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाए गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से छूटने न पाए खासकर दूर-दराज के गांवों, टोला-मोहल्लों और वंचित परिवारों तक स्वास्थ्य टीम की पहुंच सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आम जनता मिलकर जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।
कार्यक्रम में जिला से आए डीपीएमयू कोऑर्डिनेटर राजीव कुमार एवं यक्ष्मा समन्वयक श्रीचंद पांडे ने भी अभियान को सफल बनाने को लेकर आवश्यक जानकारी दी।इस दौरान प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक विजय राम,प्रखंड लेखा प्रबंधक देवनारायण रविदास,चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रवि कुमार सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी स्वास्थ्य कर्मी एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
GTV_भारत न्यूज़ की अपील:दो बूंद जिंदगी की,हर बच्चे का अधिकार। पोलियो मुक्त बचपन ही स्वस्थ और सशक्त समाज का आधार।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|TALJHARI









