Hazaribag:नवजात की मौत पर उर्मिला चाइल्ड केयर में बवाल,परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दो दिनों तक भर्ती रहने के बावजूद डॉक्टर के नहीं देखने का आरोप, रेफर करने में देरी को बताया मौत की वजह

Hazaribag:हजारीबाग के इंद्रपुरी चौक स्थित उर्मिला चाइल्ड केयर में एक नवजात बच्चे की मौत के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि नवजात का जन्म के समय स्वास्थ्य ठीक था। इसके बावजूद उसे उर्मिला चाइल्ड केयर में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, बच्चा पिछले दो दिनों से अस्पताल में भर्ती था, लेकिन इस दौरान कोई डॉक्टर उसे देखने तक नहीं आया। आरोप है कि जब बच्चे की तबीयत अधिक बिगड़ने लगी, तब अस्पताल प्रबंधन की ओर से उसे दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और नवजात की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर समुचित इलाज और चिकित्सकीय निगरानी मिलती तो शायद नवजात की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

वहीं, घटना के बाद अस्पताल संचालक और कर्मचारियों के मौके से गायब होने की बात भी परिजनों की ओर से कही गई है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

नवजात की मौत ने निजी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था, चिकित्सकों की उपलब्धता और मरीजों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या संज्ञान लेता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|HAZARIBAG

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें