विधानसभा के स्थापना दिवस पर राज्यपाल,मुख्यमंत्री और नेता प्रति पक्ष ने लोकतांत्रिक मूल्यों व जन हित को बताया सर्वोपरि,निरल पूर्ति को मिला उत्कृष्ट विधायक सम्मान
Ranchi:संघर्षों की बुनियाद पर बने झारखंड ने लोक तांत्रिक यात्रा के 26 वर्ष पूरे कर लिए। इस मौके पर झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित 26वें स्थापना दिवस समारोह में लोकतंत्र की गरिमा, राज्य निर्माण के संघर्ष और विकसित झारखंड के भविष्य पर चर्चा हुई। समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में मझगांव विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा पूर्व विधायकों और बेहतर कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री बोले- लोकतंत्र का पवित्र मंदिर है विधानसभा
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विधानसभा को लोकतंत्र का पवित्र मंदिर बताते हुए कहा कि यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, इंसानियत और मानवता का प्रतीक है। इसी सदन में राज्य के करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं, अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श होता है। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है, ताकि विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2050 के झारखंड की परिकल्पना रखते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए विकसित, समृद्ध और सशक्त राज्य का निर्माण करना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने अलग राज्य के आंदोलनकारियों और पूर्वजों के संघर्ष को याद करते हुए उनके सपनों को पूरा करने की सामूहिक जिम्मेदारी पर भी जोर दिया।
राज्यपाल ने लोकतांत्रिक परंपराओं और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को बताया अहम
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर राज्यवासियों और जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधानसभा की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा, संवैधानिक मर्यादाओं और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधानसभा लोकतांत्रिक परंपराओं को और मजबूत करते हुए राज्य के विकास तथा जनकल्याण में अपनी प्रभावी भूमिका निभाती रहेगी।
बाबूलाल मरांडी ने सदन की गरिमा और जवाबदेही पर दिया जोर
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा की भूमिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सदन की गरिमा, स्वस्थ संसदीय परंपराओं और जनहित के सवालों को मजबूती से उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जनसमस्याओं पर सार्थक बहस और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करना ही सदन की मजबूती का आधार है।
निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान, ‘उड़ान’ का विमोचन
समारोह का प्रमुख आकर्षण मझगांव विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया जाना रहा। इसके साथ ही पूर्व विधायकों और विधानसभा के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन और ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण किया गया।
26 वर्षों की लोकतांत्रिक यात्रा और 2050 का सपना
झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस केवल एक संस्थागत उपलब्धि का उत्सव नहीं, बल्कि राज्य निर्माण के लिए हुए लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के सपनों को याद करने का अवसर भी बना। समारोह में विकास, जनकल्याण, लोकतांत्रिक मर्यादा और भविष्य के झारखंड को लेकर जो संकल्प सामने आए, उनकी असली परीक्षा अब धरातल पर होगी। सवाल यही है कि 26 वर्षों की उपलब्धियों से आगे बढ़ता झारखंड 2050 तक विकास और समृद्धि की नई इबारत किस तरह लिखता है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI









