रेल और सड़क यात्रियों की सुरक्षा होगी मजबूत,ट्रेनों के परिचालन में भी आएगी सुगमता,21 नवंबर को पूरा हुआ निर्माण कार्य
Sahibganj:जिले में रेल एवं सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।तीनपहाड़ जंक्शन–राजमहल रेलखंड पर स्थित समपार संख्या 48 को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।इसके विकल्प के रूप में रेलवे की ओर से सीमित ऊंचाई वाले सबवे (अंडरपास) का निर्माण कराया गया है। यह कार्य 21 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय के नेतृत्व एवं मार्ग दर्शन में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया। मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता की निग रानी में समपार को बंद करने और सबवे निर्माण का कार्य पूरा किया गया।
रेलवे के अनुसार,गैर-इंटरलॉक्ड समपार के बंद होने से रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा।अब सड़क उपयोगकर्ता रेलवे लाइन के नीचे बने सबवे से आवागमन कर सकेंगे।इससे रेल और सड़क यातायात के बीच टकराव की आशंका भी कम होगी।
इस व्यवस्था का लाभ ट्रेन परिचालन में भी मिलेगा। समपार पर वाहनों की आवाजाही के कारण ट्रेनों को अचानक रोकने अथवा विलंबित होने की स्थिति से बचने में मदद मिलेगी। इससे ट्रेनों का परिचालन अधिक सुचारु और समयबद्ध बनाने में सहायता मिलेगी।
पूर्व रेलवे ने इस उपलब्धि को रेल नेटवर्क में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।रेलवे प्रशासन का उद्देश्य इंजीनियरिंग उपायों के माध्यम से समपारों को समाप्त करना और यात्रियों के साथ-साथ सड़क उपयोग कर्ताओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|TALJHARI









