Sahibganj:सरकारी कागजों पर चमका विकास,धरातल पर अंधेरे का वास!लालमाटी पंचायत में दम तोड़ रहीं स्ट्रीट लाइटें,डीसी से जांच कर करवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरकारी राशि खर्च होने के बाद भी गलियों में अंधेरा,गौरव कुमार सुमन ने जिम्मेदारों पर लगाया अनदेखी करने का आरोप।

Sahibganj:गांवों को रोशन करने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकारी योजनाओं के तहत लगाई गई स्ट्रीट लाइटें यदि कुछ ही समय में बेकार हो जाएं तो विकास के दावों पर सवाल उठना लाजिमी है।ऐसा ही मामला राजमहल प्रखंड की लाल माटी पंचायत से सामने आया है।यहां कई स्थानों पर लगाई गई स्ट्रीट लाइटें रोशनी देने के बजाय शोपीस बनकर रह गई हैं।शाम ढलते ही पंचायत के कई इलाकों में अंधेरा छा जाता है और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों को उम्मीद थी कि स्ट्रीट लाइट लगने से गांव की गलियां रात में भी रोशन रहेंगी और आवागमन सुरक्षित होगा।लेकिन मौजूदा स्थिति ने योजना के क्रियान्वयन,गुणवत्ता,निगरानी और रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।खासकर महिलाओं,बच्चों,बुजुर्गों और देर शाम घर लौटने वाले लोगों को अंधेरे के कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

वादे विकास के,लेकिन गलियों में अंधेरा;सरकारी योजनाओं की उपयोगिता पर सवाल

लालमाटी पंचायत में स्ट्रीट लाइटों की बदहाली को लेकर अब जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की आवाज भी मुखर होने लगी है।सवाल उठ रहा है कि क्या सरकारी योजनाओं का उद्देश्य सिर्फ लाइटें लगवाकर योजना पूरी दिखाना है या फिर उनके नियमित संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है!यदि सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को रोशनी नहीं मिल रही है तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी?

स्थानीय ग्रामीण गौरव कुमार सुमन ने भी उठाई थी आवाज

इससे पहले स्थानीय ग्रामीण सह प्रदेश एसएफएस (SFS) सह-संयोजक गौरव कुमार सुमन ने भी लालमाटी पंचायत में स्ट्रीट लाइटों की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाते हुए मुखिया और जिम्मेदार तंत्र की कार्यशैली पर चिंता जताई थी।उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की थी।उन का कहना था कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है,जब स्थापना के बाद भी उनकी नियमित निगरानी और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।

कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने डीसी से लगाई जांच की गुहार

अब इस मामले में राजमहल प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने भी गौरव कुमार सुमन की कार्य का सहारना करते हुए उन्होंने भी आवाज उठाई है।उन्होंने जिले के उपायुक्त दीपक दुबे से लाल माटी पंचायत में स्थापित स्ट्रीट लाइटों की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

देवेंद्र ठाकुर का कहना है कि जनता की सुविधा के लिए खर्च होने वाली सरकारी राशि का सदुपयोग होना चाहिए,योजनाएं केवल कागजों और उद्घाटन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए,उन्होंने पंचायत में लगी सभी स्ट्रीट लाइटों की भौतिक जांच कराने और उनके खराब होने के कारणों का पता लगाने की मांग की है।

मुखिया जी से बीडीओ तक जवाबदेही,रखरखाव में किसकी भूमिका!

पंचायत स्तर पर स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में मुखिया जी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। योजना की प्राथमिकता तय करने और विकास कार्यों की निगरानी में उनकी भागीदारी रहती है। पंचायत सचिव योजना से संबंधित अभिलेख, प्रस्ताव, खर्च और भुगतान संबंधी दस्तावेजों के संधारण में जिम्मेदार होते हैं। तकनीकी पदाधिकारी कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की निगरानी करते हैं।वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी पंचायत की विकास योजनाओं की समीक्षा और निगरानी करते हैं। स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित कार्या देश और अनुबंध की शर्तों के अनुसार निर्धारित होती है।

जांच हुई तो सामने आएगा खर्च और लापरवाही का पूरा हिसाब!

अब जिला प्रशासन के सामने कई अहम सवाल हैं।लालमाटी पंचायत में कुल कितनी स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं!इनके इंस्टॉलेशन पर कितनी सरकारी राशि खर्च हुई! वर्तमान में कितनी लाइटें चालू हैं और कितनी खराब पड़ी हैं! क्या लाइटों के रखरखाव के लिए कोई व्यवस्था की गई थी! क्या संबंधित एजेंसी ने अपनी जिम्मेदारी निभाई?

इन सवालों का जवाब भौतिक जांच और योजना से जुड़े अभिलेखों की समीक्षा के बाद ही सामने आ सकता है। ग्रामीणों और कांग्रेस नेता की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, खराब लाइटों को दुरुस्त कराया जाए और यदि वित्तीय अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।

मुखिया से पक्ष लेने का प्रयास,नहीं मिला जवाब

इस मामले में पंचायत के मुखिया का पक्ष जानने के लिए दूर भाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। ऐसे में उनका पक्ष सामने नहीं आ पाया है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

अब देखना होगा कि उपायुक्त दीपक दुबे इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और लाल माटी पंचायत की बुझी हुई स्ट्रीट लाइटों को दोबारा रोशन करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|RAJMAHAL

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें