Saraikela:खेत में धान देखने गए किसान की हाथियों ने ली जान,पटक- पटककर उतारा मौत के घाट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एक तरफ परिवार को मिला 50 हजार का तत्काल मुआवजा,दूसरी तरफ दलमा के जंगलों में हाथियों का आतंक जारी,दर्जनों हाथियों के झुंड से गांवों में दहशत

Saraikela-Kharshawan:खेतों में लहलहाती फसल देखने की उम्मीद लेकर घर से निकला किसान वापस नहीं लौटा। जिस धान की फसल को देखकर परिवार के लिए खुशियां जुटाने का सपना था,उसी खेत के पास उसकी जिंदगी का अंत हो गया। सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के धुंधाडीह टोला मुदीडीह गांव में जंगली हाथियों के हमले में 58 वर्षीय किसान सुकराम उरांव की दर्दनाक मौत हो गई।हाथियों ने किसान को पटक-पटककर मार डाला।इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।

धान की फसल देखने निकले थे किसान,झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव

जानकारी के अनुसार,रविवार अहले सुबह सुकराम उरांव अपने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में कटे हुए धान की फसल देखने गए थे।काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।खोजबीन के दौरान खेत के समीप झाड़ीदार स्थान पर उनका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।आशंका जताई गई कि खेत के आसपास मौजूद जंगली हाथियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वन विभाग और पुलिस ने संभाला मोर्चा,पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी वनपाल कैलाश चंद्र महतो और ईचागढ़ थाना के एसआई सुधांशु कुमार, एएसआई मनिंदर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।थाना प्रभारी वरुण यादव ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

परिवार को तत्काल 50 हजार की मदद,अब 10 लाख मुआवजे का प्रावधान

हाथी के हमले में किसान की मौत के बाद वन विभाग ने तत्काल राहत के तौर पर मृतक की पत्नी बीबी देवी को 50 हजार रुपये नकद मुआवजा दिया।प्रभारी वनपाल कैलाश चंद्र महतो ने बताया कि सरकार की ओर से अब मुआवजा राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है।आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष मुआवजा राशि का भुगतान किया जाएगा।इसके अलावा मृतक के आश्रित को तीन वर्षों तक प्रतिमाह दो हजार रुपये पेंशन देने की भी व्यवस्था है।

जंगलों में हाथियों का जमावड़ा,खेत जाने से भी डर रहे किसान

एक किसान की मौत ने ईचागढ़ क्षेत्र में हाथियों के बढ़ते आतंक की समस्या को फिर उजागर कर दिया है।पिलीद,सालुकडीह, मुदीडीह,रघुनाथपुर,टीकर और कुटाम समेत आसपास के जंगलों एवं झाड़ियों में अलग-अलग समूहों में दर्जनों हाथियों के मौजूद रहने की बात सामने आई है।हाथियों के डर से किसान खेतों में जाने और धान की कटाई करने से भी कतरा रहे हैं।सुकराम उरांव की मौत की खबर फैलते ही हाथी प्रभावित गांवों में भय का माहौल बन गया है।

ग्रामीणों की मांग,हाथियों को गांवों से दूर भगाने की हो व्यवस्था

घटनास्थल पर पहुंचे ग्राम प्रधान,वार्ड सदस्य और ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में मौजूद तीन हाथियों को तत्काल गांवों से दूर भगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर नहीं खदेड़ा गया तो भविष्य में भी ऐसी दर्दनाक घटनाएं हो सकती हैं। किसानों के सामने एक ओर फसल बचाने की चुनौती है तो दूसरी ओर अपनी जान सुरक्षित रखने का संकट।

मुआवजे से मिलेगी राहत,लेकिन हाथियों के आतंक से सुरक्षा कौन देगा!

सुकराम उरांव की मौत ने एक बार फिर मानव और वन्यजीव संघर्ष की गंभीर तस्वीर सामने रख दी है। एक तरफ वन विभाग पीड़ित परिवार को मुआवजा देकर आर्थिक सहायता पहुंचा रहा है, तो दूसरी तरफ हाथियों के झुंड की मौजूदगी ग्रामीणों की जिंदगी पर खतरा बनी हुई है। ग्रामीणों का सवाल है कि किसी अनमोल जिंदगी के चले जाने के बाद मुआवजा देना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समय रहते ठोस कदम उठाना भी जरूरी है।

अब देखना होगा कि वन विभाग हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या प्रभावी कदम उठाता है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SARAIKELA-KHARSHAWAN

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें