डाटोखुर्द के जंगल में गोलियों की गूंज,राहुल दुबे गैंग और पुलिस आमने-सामने
Hazaribag:जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत डाटो खुर्द में सोमवार को पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ होने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी के बाद आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी डाटोखुर्द इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों की तलाश शुरू की।इसी दौरान पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की।इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी होने लगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग एसपी अमन कुमार समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस ने डाटोखुर्द जंगल और आस पास के ग्रामीण इलाकों की घेराबंदी कर दी है।अपराधियों के संभावित भागने के रास्तों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन तेज
पुलिस की टीम जंगलों और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चला रही है,संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।हालांकि मुठभेड़ में किसी के घायल होने, मारे जाने या गिरफ्तारी को लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस अलर्ट पर है।राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है। दिनदहाड़े हुई इस मुठभेड़ ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी हलचल बढ़ा दी है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|HAZARIBAG









