जनता की समस्याओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर हुई चर्चा,संगठन को मजबूत बनाने पर भी दिया जोर
Godda:झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा गोड्डा जिले के बोआरिजोर प्रखंड क्षेत्र के राजाईठा स्थित सुन्दर डैम पहुंचे।यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर क्षेत्र के विकास,जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान की दिशा में पहल करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए पंकज मिश्रा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा,जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।कार्यकर्ता संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं,इसलिए उनकी जिम्मेदारी है कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें और पात्र लाभुकों को उनका अधिकार दिलाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर विकास से जुड़ी जरूरतों और समस्याओं को सामने लाना जरूरी है,उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाया जाएगा और संबंधित योजनाओं को गति देने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुख-शांति,सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की स्थिति की भी जानकारी ली,साथ ही कार्यकर्ताओं से जमीनी हकीकत,जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय समस्याओं पर फीड बैक प्राप्त किया।उन्होंने संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने तथा जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने पर जोर दिया।
मौके पर झामुमो जिला अध्यक्ष प्रेमनंदन मंडल,क्षेत्रीय अध्यक्ष तलाबु हांसदा,झामुमो नेता मोहम्मद सलाम,मोहम्मद डब्लू उर्फ मौसिन,मनोज हांसदा,जर्मन बास्की सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|GODDA









