13 प्रखंडों के प्रतिभागियों ने लोकनृत्य, लोकगीत और देशभक्ति प्रस्तुतियों से बांधा समां, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित
Giridih:धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर गिरिडीह नगर भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी 13 प्रखंडों से पहुंचे प्रतिभागियों ने पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत, आदिवासी संस्कृति और देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा और लोक संगीत से नगर भवन उत्सव के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव, महापौर प्रमिला मेहरा, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, उप महापौर, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी एवं नगर आयुक्त सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस राज्य की गौरवशाली विरासत, संघर्ष और उपलब्धियों को याद करने का अवसर है। झारखंड अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक संपदा के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और आपसी भाईचारे से है। सभी 13 प्रखंडों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जिले की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर प्रदर्शित किया है। ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में गीत-संगीत (एकल) में फिरोज सोरेन ने प्रथम, शिवांगी नयन ने द्वितीय और रूखसार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य में पीरटांड़ की रेखा मरांडी प्रथम तथा बगोदर की बीबी कुमारी द्वितीय रहीं।
नुक्कड़ नाटक में पचंबा गर्ल्स हाई स्कूल ने प्रथम और कस्तूरबा डुमरी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सामूहिक नाटक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय डुमरी प्रथम, कस्तूरबा बगोदर द्वितीय तथा कस्तूरबा गिरिडीह तृतीय स्थान पर रहा।
कविता गायन में श्रुति कुमारी प्रथम, कविता कुमारी द्वितीय और मुकेश कुमार तृतीय रहे। वहीं सामूहिक गीत-संगीत प्रतियोगिता में गिरिडीह कॉलेज ने प्रथम, कस्तूरबा विद्यालय बेंगाबाद ने द्वितीय तथा कस्तूरबा विद्यालय डुमरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
स्टॉल प्रदर्शनी में पीरटांड़ प्रखंड को प्रथम, जिला ग्रामीण विकास शाखा गिरिडीह को द्वितीय तथा जमुआ प्रखंड को तृतीय स्थान मिला।
कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुतियों पर नगर भवन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। आयोजन ने स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को सहेजने का संदेश दिया है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|GIRIDIH









