Sahibganj:कार्तिक पूर्णिमा पर माँ उत्तर वाहिनी गंगा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब,हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देव दीपावली पर दीपों से जगमगाए गंगा घाट,कार्तिक स्नान की पूर्णाहुति पर महिलाओं ने तुलसी पूजन कर मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

Sahibganj:जिले में कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार को साहिबगंज की उत्तरवाहिनी गंगा के विभिन्न घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अहले सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने मुक्तेश्वर धाम गंगा घाट, ब्रह्म स्थान गंगा घाट समेत शहर के विभिन्न घाटों पर पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।

कार्तिक पूर्णिमा का दिन पूरे कार्तिक मास तक नियमित गंगा स्नान करने वाली महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। एक महीने तक चले कार्तिक स्नान की मंगलवार को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पूर्णाहुति हुई।महिलाओं ने ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान के बाद तुलसी चौरा एवं शालिग्राम की परिक्रमा की। इसके बाद भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना कर भगवान से परिवार की खुशहाली की कामना की।वहीं पूरे महीने पुरोहितों द्वारा सुनाई गई कार्तिक कथा के समापन पर महिलाओं ने पुरोहितों को दान-दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

पुरोहित राम इकबाल पांडेय,प्रमोद पांडेय,संजय उपाध्याय एवं दिनेश मिश्रा समेत अन्य पुरोहितों ने बताया कि सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान,दीपदान,तुलसी पूजन और दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।पूरे कार्तिक मास तक नियमपूर्वक पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह दिन धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति का प्रतीक है।

दीपों की रोशनी से जगमगाए गंगा घाट

देव दीपावली के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर दीप प्रज्वलित कर अपनी आस्था प्रकट की।इसके बाद दीपों को गंगा में प्रवाहित किया गया। जलती हुई दीपमालाओं से गंगा तट का नजारा बेहद मनमोहक और भक्तिमय हो उठा।शहर के शकुंतला सहाय घाट,बिजली घाट,रेलवे जहाज घाट,चंदन घाट,पुरानी साहिबगंज घाट,जनता घाट व राजमहल के सूर्यदेव गंगा घाट सहित कुल 23 विभिन्न गंगा घाटों पर पुरोहितों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।

सुबह से लेकर दिनभर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।महिलाओं,पुरुषों और बच्चों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ गंगा स्नान एवं दीपदान किया।भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रो च्चार से पूरा गंगा तट गुंजायमान रहा।कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर साहिबगंज में आस्था,श्रद्धा और भक्ति का ऐसा संगम देखने को मिला,जिसने उत्तरवाहिनी गंगा के तट को आध्यात्मिक रंग में सराबोर कर दिया है।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें