
जामताड़ा:
आगामी त्योहारों को देखते हुए जामताड़ा पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार को पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष ‘एंटी-क्राइम वाहन जांच अभियान’ चलाया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (एसपी) शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर की गई।
अभियान का मुख्य मकसद जिले में अपराध पर लगाम लगाना, संभावित संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीटबेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। वहीं, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई और चालान काटे गए।
इस पूरे अभियान की निगरानी जामताड़ा और नाला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के साथ-साथ संबंधित इलाकों के पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) ने की।
मामले की जानकारी देते हुए जामताड़ा के डीएसपी वसीम रजा ने बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता और सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और पुलिस का सहयोग करें।
रिपोर्ट :हरिश चन्द्र साहा




