जिस आंगन में दस साल तक बसी थी गृहस्थी की बहार,वहीं प्रेम की नई कहानी ने बदल दिया रिश्तों का संसार।दो बच्चों की मां ने चुना नया हमसफर,गांव में चर्चा का विषय बना यह अनोखा मामला!
साहिबगंज (Sahibganj):-जिले के मिर्जाचौकी क्षेत्र के महादेवबरन गांव में एक विवाहित महिला के अपने पति से अलग होकर गांव के ही एक युवक के साथ विवाह करने का मामला सामने आया है। इस घटना की चर्चा इलाके में हो रही है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि महिला के पति अशोक मोहाली ने सामाजिक लोगों की मौजूदगी में अपनी पत्नी पूनम देवी की मांग उसके प्रेमी करण मोहाली के हाथों सिंदूर डलवाकर भरवाई।
मिली जानकारी के अनुसार, अशोक मोहाली की शादी करीब दस वर्ष पूर्व बिहार के बांका जिले के लकड़ी कोला गांव निवासी पूनम देवी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः नौ और सात वर्ष बताई गई है। शुरुआती वर्षों में दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रूप से चल रहा था।
बताया जाता है कि पिछले कुछ वर्षों से पूनम देवी और गांव में ही रहने वाले करण मोहाली, जो भुट्टो मोहाली के पुत्र हैं, के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थीं। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद भी हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, मामला पहले पंचायत और फिर थाने तक भी पहुंचा था। उस समय पूनम देवी द्वारा आगे ऐसी गलती नहीं दोहराने का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई थी।

हालांकि बाद में पूनम देवी ने अपने पति से अलग होकर करण मोहाली के साथ रहने का निर्णय लिया। जानकारी के मुताबिक, दोनों के अलग होने को लेकर कोर्ट के स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर भी किए गए। इसके बाद गांव के सामाजिक लोगों की मौजूदगी में अशोक मोहाली ने अपनी पत्नी की मांग करण मोहाली के हाथों सिंदूर से भरवाई।
रिश्तों की कहानी ने गांव में बटोरी चर्चा:-दस वर्षों के वैवाहिक रिश्ते, दो बच्चों के परिवार और फिर पति की मौजूदगी में पत्नी की मांग में दूसरे युवक द्वारा सिंदूर भरने की घटना ने गांव में लोगों का ध्यान खींचा है। हालांकि, इस मामले में दोनों पक्षों के आधिकारिक बयान और विवाह व अलगाव से जुड़े कानूनी दस्तावेजों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
अब सवाल यह है कि इस बदले रिश्ते का बच्चों के भविष्य पर क्या असर पड़ेगा और दोनों पक्ष आगे अपनी जिंदगी किस तरह संभालेंगे:-?
नोट:यह खबर स्थानीय स्तर से मिली जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों, दोनों पक्षों के बयानों तथा विवाह और अलगाव की कानूनी स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।पुष्टि होने तक इसे अंतिम सत्य न माना जाए।
Reporter|Ashish Lahariya|Sahibganj









