वेतन,नौकरी की सुरक्षा और अन्य मांगों पर सरकार से बनी सहमति, स्वास्थ्य विभाग ने मांगा समय
साहिबगंज (SAHIBGANJ) झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार और कर्मचारी संघ के बीच वार्ता सकारात्मक रही। इसके बाद झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ (सम्बद्ध–भारतीय मजदूर संघ) ने छठ पूजा तक आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर 18 नवंबर 2026 से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
संघ की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 अक्टूबर को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई। इसमें कर्मचारियों की लंबित मांगों, सेवा सुरक्षा, वेतन भुगतान और एम्बुलेंस संचालन से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश कुमार, निर्भर कुमार और भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारी जय प्रकाश कौशिक शामिल रहे।

बैठक में कर्मचारियों की मनमानी बर्खास्तगी रोकने और शिकायतों की जांच राज्य एनएचएम टीम, संबंधित जिले के सिविल सर्जन तथा कर्मचारी संघ की सहभागिता में कराने पर सहमति बनी। वेतन भुगतान में पारदर्शिता के लिए एस्क्रो अकाउंट की व्यवस्था पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
संघ के अनुसार,एम्बुलेंस खराब रहने या केस नहीं मिलने पर कर्मचारियों के वेतन में कटौती नहीं करने तथा समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के मुद्दे पर भी सहमति बनी। इसके अलावा न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी, अवकाश, जीवन बीमा और बोनस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
सभी एम्बुलेंस में बायोमेट्रिक डिवाइस लगाने और नए कर्मचारियों की बहाली से पहले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की अनुमति अनिवार्य करने पर भी सहमति बनने की बात कही गई। वहीं, वर्तमान एम्बुलेंस टेंडर में सुधार करने या निर्धारित प्रक्रिया के तहत नया टेंडर जारी करने के विकल्प पर चर्चा हुई। अपर मुख्य सचिव ने संबंधित प्रक्रियाओं के लिए संघ से कुछ दिनों का समय मांगा।
सरकार के आश्वासन के बाद संघ ने छठ पूजा तक आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया है। हालांकि, इस अवधि में किसी कर्मचारी के खिलाफ अनुचित कार्रवाई होने पर 72 घंटे के भीतर राज्यव्यापी हड़ताल को लेकर निर्णय लेने की चेतावनी दी गई है।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि 18 नवंबर तक मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई और सहमत बिंदुओं को लागू करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करेगी, ताकि उनके अधिकार सुरक्षित रहें और राज्य की 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा सुचारु रूप से चलती रहे।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









