साहिबगंज में मंदिरों की घंटियां चुराने वाले गिरफ्तार,राजमहल पुलिस ने किया खुलासा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजमहल पुलिस ने 2.5 किलो की पीतल घंटी की बरामद, कई मंदिरों में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जांच

साहिबगंज (SAHIBGANJ) जिले में मंदिरों से घंटियां चोरी करने के मामले में राजमहल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खुटहरी गांव के बजरंगबली एवं शिव मंदिर से चोरी हुई पीतल की घंटी बरामद करते हुए मुख्य आरोपी और चोरी का सामान खरीदने के आरोप में एक कबाड़ी दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने जिले के कई अन्य मंदिरों से भी घंटियां चोरी करने की बात बताई है।

मामले को लेकर राजमहल थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 को खुटहरी गांव स्थित बजरंगबली और शिव मंदिर से पीतल की घंटी चोरी हुई थी। इस संबंध में भुवनेश्वर मंडल की लिखित शिकायत पर राजमहल थाना कांड संख्या 374/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजमहल एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर 25 अक्टूबर को बालूप्लाट निवासी 19 वर्षीय करण शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर लखीपुर स्थित साहेब शेख की कबाड़ी दुकान में छापेमारी की गई, जहां से करीब 2.5 किलोग्राम वजन की चोरी गई पीतल की घंटी बरामद हुई। इसके बाद कबाड़ी दुकानदार साहेब शेख को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

कई मंदिरों से घंटियां चोरी करने का खुलासा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बभनगांवा चौक स्थित शिव मंदिर, रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर, दरला गांव स्थित हनुमान मंदिर और बोरियो बाजार स्थित हनुमान मंदिर के अलावा राजमहल थाना क्षेत्र के कसवा स्थित सीताराम मंदिर, खुटहरी मंदिर और नीलकोठी स्थित हनुमान मंदिर से घंटियां चोरी करने की बात बताई है। पुलिस इन घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।

छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक ओम प्रकाश चौहान, पवन यादव, महादेव उरांव, सहायक अवर निरीक्षक सनातन हेम्ब्रम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों गिरफ्तार आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद मंदिरों में चोरी की घटनाओं को लेकर जांच तेज होने की उम्मीद है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|RAJMAHAL

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें