सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी शाखा की मदद से मिली कामयाबी जिले के नौ थाना क्षेत्रों से बरामद हुए मोबाइल
साहिबगंज (SAHIBGANJ):-जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर साहिबगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तकनीकी शाखा और सीईआईआर पोर्टल की सहायता से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 43 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए, जिससे उनके चेहरे पर खुशी लौट आई।
जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को साहिबगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर, मुफस्सिल, मिर्जाचौकी, जिरवाबाड़ी और बोरियो थाना क्षेत्रों से बरामद 16 मोबाइल फोन उनके धारकों को सौंपे गए। इनमें नगर थाना से 2, मुफस्सिल थाना से 2, मिर्जाचौकी थाना से 2, जिरवाबाड़ी थाना से 8 और बोरियो थाना से 2 मोबाइल शामिल हैं।

वहीं, राजमहल अनुमंडल क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए।इनमें राधानगर थाना से 12, राजमहल थाना से 4, तालझारी थाना से 8 और तीनपहाड़ थाना से 3 मोबाइल फोन शामिल हैं। इन सभी मोबाइल को उनके मूल स्वामियों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मोबाइल की बरामदगी में तकनीकी शाखा और सीईआईआर पोर्टल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मोबाइल वितरण कार्यक्रम संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में तथा विभिन्न थाना प्रभारियों की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
साहिबगंज पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल गुम होने या चोरी होने के कारण परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है।पुलिस की इस पहल से आम लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।मोबाइल गुम या चोरी होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने से उसकी बरामदगी में मदद मिल सकती है।
REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ









