आदित्य साहू और बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में जुटे भाजपा कार्यकर्ता, कांग्रेस अध्यक्ष से माफी मांगने की उठाई मांग
रांची (RANCHI):-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की पटना में की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रांची स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव किया। रांची महानगर, रांची पूर्वी और रांची पश्चिमी जिला भाजपा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया।
घेराव कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शहीद चौक स्थित जिला स्कूल परिसर में एकत्रित हुए। इसके बाद जुलूस की शक्ल में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय की ओर रवाना हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खड़गे की टिप्पणी पर विरोध जताया और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
राजनीतिक विरोध में व्यक्तिगत मर्यादा का ध्यान रखना जरूरी : आदित्य साहू

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद और नीतियों की आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी के दिवंगत परिजन को लेकर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के दौरान व्यक्तिगत मर्यादा और सार्वजनिक जीवन की गरिमा बनाए रखना जरूरी है।
साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और कार्यों का विरोध करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर उनके परिवार को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इस मामले में देशवासियों से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस तरह की टिप्पणियों के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
खड़गे की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण, माफी मांगें : बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी खड़गे की टिप्पणी को अशोभनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों और कार्यों की आलोचना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है, लेकिन उनके दिवंगत पिता को राजनीतिक बहस में शामिल करना उचित नहीं है।
मरांडी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की ओर से पूर्व में भी प्रधानमंत्री और उनकी मां को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति से सार्वजनिक जीवन की मर्यादा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है। भाजपा नेताओं ने इस पूरे प्रकरण को लेकर कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और रविंद्र राय, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, सरोज सिंह, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, सतीश सिन्हा, नीरज सिंह, अजय राय, संदीप वर्मा, अशोक बड़ाईक, किसान मोर्चा अध्यक्ष अर्जुन सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष शशांक राज और ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष मनोज महतो वाजपेयी सहित कई नेता शामिल हुए।
इसके अलावा सूर्य प्रभात, ललित ओझा, दिलीप सोनी, हेमंत गुप्ता, जिला अध्यक्ष वरुण साहू, धीरज महतो, नरेंद्र कुमार, संजय जायसवाल, सुबोध सिंह गुड्डू, मनोज मिश्रा, सुधाकर चौबे, जितेंद्र चंद्रवंशी, रमेश सिंह, उमेश रंजन, संजय चौधरी, अनिल सिंह, सीमा शर्मा, गंगोत्री कुजूर, प्रेम मित्तल, संजीव विजयवर्गीय, ओम प्रकाश, मुनचुन राय, मनोज दुबे, राजू सिंह, रजनीश पांडे, मुकेश गुप्ता, सुमन सिंह, सुबोध कांत और काजल प्रधान समेत तीनों जिला इकाइयों के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
REPORTER|GOVIND THAKUR|RANCHI









