डीसी दीपक कुमार दूबे ने टास्क फोर्स की बैठक में दिए निर्देश,सी सीटीवी दुरुस्त करने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई का आदेश
साहिबगंज (SAHIBGANJ) जिले में अवैध खनन,खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स (खनन) की बैठक हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में संचालित वैध खनन गतिविधियों की निगरानी के साथ अवैध उत्खनन, खनिजों के भंडारण और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उपायों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी चेकनाकों का नियमित और औचक निरीक्षण किया जाए। चेकनाकों पर संधारित पंजियों, सीसीटीवी कैमरों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, वाहनों की संख्या, खनिजों के प्रकार तथा वाहनों के कागजात और चालानों की जांच सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
सीसीटीवी दुरुस्त रखने का निर्देश
चेकनाकों पर निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए उपायुक्त ने खराब सीसीटीवी कैमरों की तत्काल मरम्मत कराकर उन्हें क्रियाशील करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खनिजों के परिवहन पर नजर रखने के लिए निगरानी व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए, ताकि अनियमितताओं की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अवैध बालू कारोबार पर रहेगी नजर
बैठक में बालू के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने को लेकर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों को बालू घाटों का नियमित निरीक्षण करने तथा अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया।
इसके अलावा अवैध क्रशर संचालन, चिमनी, मिट्टी कटाव और खनन पट्टा क्षेत्रों में निर्धारित सीमा से अधिक उत्खनन के मामलों की भी नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया। जहां नियमों का उल्लंघन पाया जाए, वहां नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। अवैध खनन के मामलों में नियमानुसार ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया अपनाने पर भी जोर दिया गया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी
उपायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर घटने के बाद अवैध मिट्टी कटाव की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। ऐसे मामलों की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में प्रवर्तन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), 2026 के कार्यों में व्यस्तता के बावजूद प्रवर्तन गतिविधियां प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सभी अंचल अधिकारियों को नियमित कार्रवाई करते हुए इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
समन्वय के साथ कार्रवाई करने पर जोर
बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा नियमित निरीक्षण और कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।
इस दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, साहिबगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित थे।
REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ









