डीसी दीपक कुमार दूबे ने NCORD की बैठक में दिए निर्देश, स्कूल-कॉलेजों के 200 मीटर के दायरे में दुकानदारों से लिया जाएगा शपथ-पत्र
साहिबगंज (SAHIBGANJ):-जिले में मादक पदार्थों की तस्करी,अवैध खरीद-बिक्री और नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह- जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में नारकोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित की गई।बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध भंडारण, खरीद-बिक्री और सेवन पर नियंत्रण के उपायों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पुलिस पदाधिकारियों को संदिग्ध क्षेत्रों, मार्गों और स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने पर जोर दिया।

संदिग्ध दवा दुकानों का होगा औचक निरीक्षण
उपायुक्त ने औषधि निरीक्षक और साहिबगंज एवं राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारियों को जिले में संचालित संदिग्ध दवा दुकानों की औचक जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दवाओं की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। जांच के दौरान प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री या अन्य अनियमितता सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशे के खिलाफ सख्ती
बैठक में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के प्रभावी अनुपालन पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने सार्वजनिक स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं सेवन पर निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों और महाविद्यालयों की 200 मीटर की परिधि में स्थित दुकानदारों से शपथ-पत्र लेने को कहा गया। इसमें दुकानदारों को प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल नहीं होने की घोषणा करनी होगी।
विद्यार्थियों के बीच चलेगा जागरूकता अभियान
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को जिले के सभी विद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी जाएगी। विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान केवल जांच और कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जन-जागरूकता को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्देशों का नियमित अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए-सह-जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास, साहिबगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, औषधि निरीक्षक चंदन कश्यप, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ









