साहिबगंज के सभी स्कूलों में लगेगी शिकायत पेटी,डीसी ने दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मेडिकल-इंजीनियरिंग कॉलेज समेत कई संस्थानों के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आदेश, लंबित प्रमाण पत्रों का होगा त्वरित निष्पादन

साहिबगंज|SAHIBGANJ:-जिले में विकास योजनाओं को गति देने और लंबित प्रशासनिक कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों के कार्यों, विकास योजनाओं की प्रगति और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग भी उपस्थित रहे।

बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी विद्यालयों में शिकायत पेटी लगाने का निर्देश दिया। साथ ही शिकायत पेटी के पास उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक के मोबाइल नंबर अंकित कराने को कहा, ताकि विद्यार्थी और अन्य संबंधित लोग अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रशासन तक पहुंचा सकें।

कॉलेजों और सरकारी संस्थानों के लिए भूमि चिह्नित करने में तेजी

भूमि हस्तांतरण और भूमि चिह्नित करने से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस कॉलेज, एकलव्य विद्यालय, अग्निशमन कार्यालय, नगर परिषद कार्यालय और श्रमिक विद्यालय के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अंचल अधिकारियों को भूमि संबंधी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि प्रस्तावित निर्माण योजनाओं में अनावश्यक देरी न हो।

SIR कार्यों और प्रमाण पत्रों के निष्पादन पर जोर

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने राजमहल और बोरियो क्षेत्रों में प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की गति बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों से लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा।

जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रमाण पत्रों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंडों में लंबित आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निपटारा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जाति, निवास और आय प्रमाण पत्रों के निष्पादन से संबंधित प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया।

हर 15 दिन में होगी प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा

उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को प्रत्येक 15 दिनों में अपने कार्यालय के कर्मियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया। इन बैठकों में लंबित मामलों, प्रशासनिक कार्यों और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना होगा।

बरहेट में हेलीपैड निर्माण और अस्पताल की व्यवस्था पर निर्देश

बरहेट में प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करते हुए नियमानुसार कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। ग्रामीणों की ओर से विरोध होने की स्थिति में परिस्थितियों के अनुसार नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा सदर अस्पताल, साहिबगंज में खराब सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कराकर निगरानी व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया गया। भू-अर्जन से संबंधित लंबित भुगतानों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने भुगतान प्रक्रिया समय पर पूरी करने पर भी जोर दिया।

त्योहारों से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश

आगामी पर्व-त्योहारों को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने जिला कोषागार पदाधिकारी को सभी कर्मियों के वेतन का भुगतान निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, साहिबगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें