द्वितीय चरण की गणना को त्रुटिरहित बनाने पर जोर,सीएम एमएस पोर्टल और मैपिंग प्रक्रिया की दी गई जानकारी
साहिबगंज (SAHIBGANJ) भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर साहिबगंज में जिला स्तरीय पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को शुरू हुआ। जिला पंचायती राज कार्यालय सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जनसंख्या गणना से जुड़े कार्यों को व्यवस्थित, समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करना है।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जनगणना के द्वितीय चरण की निर्धारित कार्यप्रणाली, तकनीकी प्रक्रियाओं और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा रही है। इस दौरान विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि गणना प्रक्रिया में कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए और सभी स्तरों पर आंकड़ों का संकलन सटीक तरीके से हो।
कार्यक्रम में सीएमएमएस पोर्टल के उपयोग, मैपिंग प्रक्रिया और जनगणना से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न विभागों और पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। निर्धारित मानकों का पालन करते हुए सभी प्रक्रियाओं को सावधानीपूर्वक पूरा करने पर भी बल दिया गया।

जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड की ओर से सहायक निदेशक राम भास्कर द्विवेदी और सांख्यिकी अन्वेषक वीरेंद्र कुमार गुप्ता ने प्रशिक्षक के रूप में भाग लिया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना के द्वितीय चरण से जुड़ी तकनीकी और व्यावहारिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता-सह-नोडल पदाधिकारी, जिला जनगणना कोषांग विजय कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी अनिल कुमार, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी-सह-उप जिला जनगणना पदाधिकारी उमेश कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-चार्ज पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी-सह-चार्ज पदाधिकारी और सहायक चार्ज पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं से अवगत कराया जा रहा है, ताकि आगामी जनगणना के कार्यों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके।









