साहिबगंज में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती,अवैध पार्किंग और नशे में ड्राइविंग पर चलेगा अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीसी दीपक कुमार दूबे ने दिए निर्देश, 15 दिनों में हिट एंड रन के लंबित मामलों का निष्पादन करने का आदेश; जर्जर सड़कों की मरम्मत पर भी जोर

साहिबगंज|SAHIBGANJ:-जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने साहिबगंज, राजमहल और बरहरवा क्षेत्र के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। मोटरयान निरीक्षक, संबंधित थाना प्रभारियों और सड़क सुरक्षा टीम को समन्वय बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया।

नो-एंट्री के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

साहिबगंज शहरी क्षेत्र में नो-एंट्री नियमों का कड़ाई से पालन कराने तथा निर्धारित समय के दौरान भारी वाहनों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। नो-एंट्री जोन में आवश्यक आपूर्ति वाले वाहनों को ही नियमानुसार अनुमति देने और निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

हिट एंड रन के लंबित मामलों पर 15 दिनों में कार्रवाई

बैठक में हिट एंड रन के लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों और जिला परिवहन पदाधिकारी को लंबित आवेदनों के निष्पादन के लिए 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित लंबित मोटरयान निरीक्षण (एमवीआई) जांच प्रतिवेदनों को भी संबंधित थानों के साथ समन्वय स्थापित कर 15 दिनों में पूरा करने को कहा गया।

साहिबगंज-गोविंदपुर मार्ग पर झाड़ियों की होगी कटाई

साहिबगंज-गोविंदपुर मार्ग पर साहिबगंज से हरिणचरा मोड़ तक सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई-छंटाई सात दिनों के भीतर पूरी करने का निर्देश पथ निर्माण विभाग को दिया गया। इस मार्ग पर गति सीमा संबंधी संकेतक लगाने को भी कहा गया। सेंट जेवियर्स स्कूल के समीप स्थित संकरे पुल की मरम्मत और चौड़ीकरण की संभावनाओं पर संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर डीएमएफटी मद से आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

जर्जर सड़कों और पुलों की स्थिति पर चिंता

बैठक में साहिबगंज-सकरीगली राष्ट्रीय राजमार्ग-80 की जर्जर स्थिति, साहिबगंज-मिर्जाचौकी मार्ग पर महादेवगंज चौक के समीप गड्ढों और मिर्जाचौकी-रक्सी स्थान मुख्य मार्ग पर रेलवे अंडरपास की खराब स्थिति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सड़कों की मरम्मत और समतलीकरण का कार्य शीघ्र कराने का निर्देश दिया, ताकि लोगों का आवागमन सुरक्षित हो सके।

इसके अलावा बोरियो-बरहेट मार्ग पर तेलों ब्रिज के समीप क्रैश बैरियर और सड़क किनारे परावर्तक संकेतक लगाने को कहा गया। उधवा पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सूचनात्मक संकेतक लगाने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड बैरियर की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।

नशे में वाहन चलाने वालों की होगी जांच

उपायुक्त ने नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। संबंधित थाना प्रभारियों, जिला परिवहन पदाधिकारी और सड़क सुरक्षा टीम को वाहनों की जांच कर नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध चालान जारी करने को कहा गया। सड़क पर यातायात बाधित करने या दुर्घटना का खतरा पैदा करने वाले पेड़ों को चिह्नित कर संबंधित विभाग को रिपोर्ट देने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, साहिबगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और मोटरयान निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें