करमाटांड़ में युवक-युवती की मौत से सनसनी, पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शुरू की जांच; भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने सीबीआई जांच की मांग की
जामताड़ा (JAMTARA) जिले के करमाटांड़ रेलवे क्षेत्र में रेल पटरी पर एक युवक और युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।मृतकों की पहचान रॉकी कुमार मंडल और उसकी प्रेमिका नाजिया खातून के रूप में बताई गई है।घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक रॉकी की मां के अनुसार, उनका बेटा शुक्रवार रात घर से निकला था। देर रात करीब 12 बजे तक उसके मोबाइल पर बात हो रही थी। फोन पर रॉकी ने जल्द घर लौटने की बात कही थी, लेकिन कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। मां ने दोबारा फोन किया तो रॉकी ने फोन उठाकर जल्द घर आने की बात कही। इसके बाद उसका मोबाइल फिर बंद हो गया।

परिजनों के अनुसार रात में रॉकी के घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह रेलवे पटरी पर रॉकी और नाजिया के शव मिलने की सूचना मिली। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।
बताया जाता है कि घटना से पहले दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट पर इंस्टाग्राम स्टोरी साझा किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन पोस्टों और घटना के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बाबूलाल मरांडी ने उठाई सीबीआई जांच की मांग
घटना को लेकर भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया के माध्यम से मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है। उनके अनुसार, यह केवल दो लोगों की मौत का मामला नहीं, बल्कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता और मानवीय अधिकारों से भी जुड़ा गंभीर विषय है।

घटना से जुड़ी एक-एक कड़ी को जोड़कर मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक सामने आए तथ्यों, परिजनों के बयानों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल युवक-युवती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
नोट:घटना को लेकर ऑनर किलिंग सहित विभिन्न आशंकाएं जताई जा रही हैं, लेकिन पुलिस जांच पूरी होने और आधिकारिक पुष्टि से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|JAMTARA









