बरहेट में वीर सिदो-कान्हू मुर्मू की प्रतिमा और परिसर की सफाई कर पूर्वजों को किया नमन,बोले—शहीदों की विरासत की गरिमा बनाए रखना हम सबका कर्तव्य
साहिबगंज (बरहेट) जिले के महान क्रांतिकारियों और झारखंड के वीर शहीदों के प्रति सम्मान की भावना उस समय देखने को मिली,जब बरहेट में स्थापित अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू मुर्मू की प्रतिमा एवं परिसर में गंदगी देखकर वंशज मंडल मुर्मू व्यथित हो उठे। उन्होंने स्वयं साफ-सफाई कर अपने महान पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और सम्मान अर्पित किया। उनकी इस पहल ने शहीदों की विरासत के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
वंशज मंडल मुर्मू ने बताया कि जिन महान पूर्वजों ने आने वाली पीढ़ियों के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया, उनकी प्रतिमा और स्मृति स्थलों की गरिमा बनाए रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। शहीदों को याद करना केवल उनकी प्रतिमा पर फूल-माला चढ़ाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके सम्मान से जुड़े स्थलों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अमर वीर सिदो-कान्हू मुर्मू जैसे महान क्रांतिकारियों ने अपने संघर्ष और बलिदान से समाज को स्वाभिमान के साथ जीने की प्रेरणा दी। ऐसे वीर पूर्वजों की प्रतिमा के आसपास गंदगी देखना मन को दुखी करता है। इसलिए उन्होंने स्वयं सफाई कर अपने पूर्वजों के प्रति सम्मान प्रकट किया।
मंडल मुर्मू ने कहा कि यह कोई उपलब्धि नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी और अपने पूर्वजों के प्रति एक संतान का छोटा-सा कर्तव्य है। इतिहास केवल पुस्तकों में नहीं, बल्कि हमारे आचरण, संस्कार और कार्यों में भी जीवित रहना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे शहीदों की प्रतिमाओं, स्मारकों और ऐतिहासिक स्थलों की साफ-सफाई एवं देखभाल के प्रति जागरूक रहें।
उन्होंने कहा कि महान शहीदों की विरासत को सुरक्षित रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। जब हर व्यक्ति अपने पूर्वजों के सम्मान और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाएगा, तभी आने वाली पीढ़ियों तक उनके आदर्शों और बलिदान की गाथा पहुंच सकेगी।
REPORTER|ASHIHS PAHARIYA|BARHAIT









