11,385 अभ्यर्थी होंगे शामिल, कदाचार रोकने के लिए 44 स्टैटिक दंडाधिकारी और तीन उड़नदस्ता दल तैनात
साहिबगंज (Sahibganj):-झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 1 नवंबर, रविवार को जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें कुल 11,385 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा की तैयारियों को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उड़नदस्ता दल, गश्ती दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया। साथ ही, परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने को कहा।
दो पालियों में होगी परीक्षा
जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा की प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा छह से आठ तक के 8,512 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं, दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांच तक के 2,873 अभ्यर्थियों के परीक्षा देने की संभावना है। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 11,385 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
कदाचार रोकने के लिए कड़ी निगरानी
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए जिले में 44 स्टैटिक दंडाधिकारी, 12 गश्ती दंडाधिकारी और तीन उड़नदस्ता दल दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। अपर समाहर्ता विजय कुमार को वरीय नोडल पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
मोबाइल, ब्लूटूथ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध
उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, एयरफोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, कैलकुलेटर, पेजर, डिजिटल डायरी सहित अन्य संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा पुस्तक, नोटबुक, लॉगबुक, बैग, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी और अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों पर भी रोक रहेगी। अभ्यर्थियों की जांच और केंद्रों पर निगरानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने या कदाचार करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की तिथि पर केंद्रों के बाहर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा का अनुपालन भी सुनिश्चित किया जाएगा।
24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष
परीक्षा के दौरान किसी भी समस्या या आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। अभ्यर्थी और संबंधित लोग जरूरत पड़ने पर नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06436-356485 तथा मोबाइल नंबर 9631155933 और 9006963963 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने, प्रतिबंधित सामग्री साथ नहीं लाने और निर्धारित नियमों के अनुरूप परीक्षा में शामिल होने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, अपर समाहर्ता विजय कुमार, साहिबगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









