“शहर की सूरत बदलेगी, विकास की रफ्तार बढ़ेगी!साहिबगंज,राजमहल और बरहरवा के कार्यों की समीक्षा”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पेयजल,साफ-सफाई,सड़क- नाली निर्माण और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर जोर,नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की कवायद

साहिबगंज (Sahibganj):-जिले के शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में नगर परिषद साहिबगंज तथा नगर पंचायत राजमहल और बरहरवा के कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीनों नगर निकायों में संचालित योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों और नागरिक सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पेयजलापूर्ति, साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शहरी आधारभूत संरचना, सड़क एवं नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और राजस्व संग्रहण सहित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने पर जोर दिया।

साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने नगर निकायों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, नियमित निगरानी रखने और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की नियमित समीक्षा करने और आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

समय पर पूरा करें विकास योजनाएं

बैठक में सड़क, नाली, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), राजस्व संग्रहण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रशासन ने शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं की नियमित निगरानी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।

बैठक में नगर प्रशासक साहिबगंज अभिषेक कुमार सिंह, नगर पंचायत प्रशासक राजमहल दानिश हुसैन सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें